1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारत 2020 में अंडर-17 महिला विश्व कप मेजबानी करेगा

भारत 2020 में अंडर-17 महिला विश्व कप मेजबानी करेगा

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 16, 2019 01:19 pm IST,  Updated : Mar 16, 2019 01:19 pm IST

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) अध्यक्ष जियानी इनफैनटिनो ने घोषणा की कि भारत 2020 में अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी करेगा।

A representational image of the FIFA Women's World Cup- India TV Hindi
A representational image of the FIFA Women's World Cup Image Source : AP

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) अध्यक्ष जियानी इनफैनटिनो ने घोषणा की कि भारत 2020 में अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी करेगा। अमेरिका के मियामी में शुक्रवार को हुई फीफा परिषद की बैठक के बाद इनफैनटिनो ने कहा,‘‘हमें यह घोषणा कर खुशी हो रही है कि 2020 में फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप के मेजबान देश के लिये भारत की पुष्टि की गयी है।’’

 
इससे भारत दूसरे फीफा टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। इससे पहले भारत ने 2017 में अंडर-17 पुरूष विश्व कप की मेजबानी की थी। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के महासचिव कुशल दास ने इसकी पुष्टि करते हुए पीटीआई से कहा,‘‘हम फीफा के शुक्रगुजार हैं जिन्होंने हमें अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी के अधिकार दिये। इससे देश में महिला फुटबॉल का स्तर बढ़ेगा।’’
 
उन्होंने कहा,‘‘हम देश में महिलाओं के फुटबॉल के विकास पर काफी जोर दे रहे हैं। इसलिये हमने अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी के लिये दावेदारी पेश की और अब हमें इसकी मेजबानी मिल गयी है।’’
 
दास ने कहा कि टूर्नामेंट की मेजबानी के लिये स्थल पर फैसला जल्द ही होगा। उन्होंने कहा,‘‘हमारे दिमाग में चार-पांच स्थल हैं और हम इन पर जल्द ही फैसला करेंगे।’’
 
मेजबान देश के नाते भारत 16 टीमों के इस टूर्नामेंट में स्वत: ही क्वालीफाई हो जायेगा। छह महाद्वीपीय क्वालीफाइंग टूर्नामेंट अभी शुरू होने हैं। अंडर-17 महिला विश्व कप के अलावा भारत ने अंडर-20 महिला विश्व कप की मेजबानी में भी दिलचस्पी दिखायी थी। 

अंडर-17 महिला टूर्नामेंट 2008 में शुरू हुआ था और न्यूजीलैंड ने इसकी मेजबानी की थी। स्पेन मौजूदा चैम्पियन है और भारत में इसके सातवें चरण का आयोजन होगा। एशियाई टीमें इसमें सबसे सफल रही हैं। उत्तर कोरिया (2008 और 2016) ने दो इसके जीता है जबकि जापान ने 2014 और दक्षिण कोरिया ने 2010 में एक एक बार ट्रॉफी जीती थी। गैर एशियाई देशों में फ्रांस ने 2012 और स्पेन ने 2018 में टूर्नामेंट जीता था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल