कुनशान (चीन): भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने जर्मनी को 5-0 से मात देते हुए लगातार दूसरी जीत हासिल कर उबेर कप क्वार्टर फाइनल में प्रवेश पा लिया है, जबकि पुरुष टीम को हांगकांग के हाथों मंगलवार को 2-3 से हार का सामना कर थॉमस कप से बाहर होना पड़ा। जर्मनी, जापान और आस्ट्रेलिया के साथ ग्रुप-डी में शामिल सायना नेहवाल के नेतृत्व वाली महिला टीम ने अपने विजयी क्रम को जारी रखा है। सोमवार को भारतीय टीम ने आस्ट्रेलिया को 5-0 से मात दी थी।
भारत के अलावा जापान ऐसी दूसरी टीम है, जिसने कुनशान स्पोर्ट्स सेंटर स्टेडियम में आस्ट्रेलिया को हराकर दूसरी जीत हासिल करते हुए अंतिम आठ में प्रवेश किया है।
वहीं, भारत की पुरुष बैडमिंटन टीम यहां जारी थॉमस कप टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार मिली है। इस हार ने भारत को खिताबी दौड़ से लगभग बाहर कर दिया है। भारत को पहले मैच में थाईलैंड के हाथों 2-3 से हार मिली थी।
महिला टीम के लिए पहला मैच सायना नेहवाल ने जीता। सायना ने 29 मिनट में फेबियाने डेपरेज को 21-15 21-10 से हराया।
इसके बाद पीवी सिंधु ने दूसरे एकल मैच में लूसी हेम को 26 मिनट में 21-7 21-12 से हराया।
ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की युगल जोड़ी ने लिंडा एफ्लर और लारा केपलिन को 14-21 21-9 21-8 से हराते हुए भारत को 3-0 से आगे कर दिया।
दिन के तीसरे एकल मैच में रितविका शिवानी गड्डे ने योनी ली को 21-5 21-15 से हराकर भारत को 4-0 से आगे कर दिया।
अंतिम मुकाबले में सिकी रेड्डी और सिंधु ने एलिजाबेथ हेर्टरिक और फ्रांसिस्का वोल्कमान को 21-18 19-21 22-20 से हराकर भारत को 5-0 से जीत दिला दी।
भारत को अपना तीसरा ग्रुप मैच जापान के साथ बुधवार को खेलना है। जापानी टीम ने 2014 में रजत पदक जीता था।
पुरुष टीम के लिए सौरव वर्मा और बी. साई प्रणीत ने एकल मैच जीते लेकिन उसे एक एकल और दो युगल मैचों में हार मिली।
अजय जयराम पहले एकल मैच में का लोंग अंगुस के हाथों 13-21 12-21 से हार गए। इसके बाद मनु अत्री और सुमित रेड्डी की जोड़ी को चिन चुंग ओआर और चुन मान टांग के हाथों युगल मैच में 19-21 12-21 से हार मिली।
भारत 0-2 से पीछे चल रहा था और इसी वक्त प्रणीत ने युन हू को 47 मिनट तक चले कड़े संघर्ष के बाद 23-21 23-21 से हराकर भारत को वापसी दिलाई।
इसके बाद हालांकि स्वास्तिकराज रानिकरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी दूसरे युगल मैच में किट चान और चियुक हिम ला के हाथों 10-21 11-21 से हार गई। इसके हाथ हांगकांग ने इस मैच में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
सौरव ने अंतिम एकल मैच में नान वेई को 17-21 21-19 21-9 से हराकर भारत के लिए सम्मान की लड़ाई जीती लेकिन अंतत: भारत को मुकाबले में 2-3 से हार झेलनी पड़ी।
भारत अब तक एक भी अंक नहीं जुटा सका है जबकि इंडोनेशिया, थाईलैंड और हांगकांग के एक-एक अंक हैं।
प्रत्येक ग्रुप से दो टीमों को क्वार्टर फाइनल में जगह मिलेगी, ऐसे में भारत के लिए आगे के दरवाजे लगभग बंद हो चुके हैं।
भारत को अब अपने तीसरे ग्रुप मैच में बुधवार को इंडोनेशिया से भिड़ना है।