1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. मैरीकोम को मिल सकती है रियो में वाइल्ड कार्ड एंट्री

मैरीकोम को मिल सकती है रियो में वाइल्ड कार्ड एंट्री

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jun 07, 2016 09:01 pm IST,  Updated : Jun 07, 2016 09:02 pm IST

भारत की स्टार महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकोम ने आगामी रियो ओलंपिक के लिए वाइल्ड कार्ड से प्रवेश मिलने की उम्मीद जताई।

mary kom- India TV Hindi
mary kom

बेंगलुरू: भारत की स्टार महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकोम ने आगामी रियो ओलंपिक के लिए वाइल्ड कार्ड से प्रवेश मिलने की उम्मीद जताई। मैरीकोम क्वालीफायर के जरिये ओलंपिक में जगह बनाने में नाकाम रही लेकिन इस स्टार मुक्केबाज का सपना नहीं टूटा है क्योंकि भारत ने पांच अगस्त से शुरू हो रहे रियो खेलों के लिए उनका नाम वाइल्ड कार्ड के लिए भेजा है।

मैरीकोम ने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा, मैं सर्वश्रेष्ठ की उम्मीद कर रही हूं। इस महीने के अंत में पता चल जाएगा। मैरीकोम (51 किग्रा) पिछले महीने विश्व चैम्पियनशिप के जरिये रियो के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही थी जो महिला मुक्केबाजों के लिए दूसरा और अंतिम क्वालीफाइंग टूर्नामेंट था। इस स्टार मुक्केबाज ने कहा, भारतीय ओलंपिक संघ और (मुक्केबाजी की) तदर्थ समिति मुझे वाइल्ड कार्ड दिलाने का सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं। अगर मुझे यह मिलता है तो मुझे बेहद खुशी होगी। यह मेरे हाथ में नहीं है। इसकी 50-50 संभावना है।

मैरीकोम ने कहा कि वह अब भी वर्कआउट कर रही हैं और खुद को तैयार रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि विश्व चैम्पियनशिप में उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था लेकिन इसके बावजूद हार का सामना करना पड़ा। पार्किन्सन से 32 साल जूझने के बाद दिवंगत हुए महान मुक्केबाज मोहम्मद अली के बारे में मैरीकोम ने कहा, जब मैंने ग्लव्स पहने और मुक्केबाजी को करियर के रूप में चुना तो अन्य मुक्केबाजों की तरह मैं भी मोहम्मद अली से प्रेरित थी। वह मेरे हीरो हैं और हमेशा रहेंगे। सभी मुक्केबाजों और खिलाडि़यों को उनकी कमी खलेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल