नई दिल्ली: मुंबई गरुड़ ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के केडी जाधव रेसलिंग स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में हरियाणा हैमर्स को 7-2 से पटखनी देते हुए प्रो रेसलिंग लीग (PWL) के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया। मुंबई की टीम लीग चरण के अपने सारे मैच जीतकर फाइनल्स में पहुंची थी और अंत तक उसने अपने अजेय क्रम को बरकरार रखा।
उत्साह से लबरेज दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में हरियाणा ने नौ बाउट के फाइनल मुकाबले में 2-1 से शुरुआती बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन मुंबई ने इसके बाद दमदार वापसी करते हुए अगले लगातार चार मुकाबले जीत लिए।
मुंबई के लिए तीन बार की विश्व चैम्पियन एडेलीन ग्रे (महिला 69 किलोग्राम), ओडुनायो एडेकुरोये (महिला 53 किलोग्राम), गियोर्गी साकानदेलिज (पुरुष 125 किलोग्राम) और एलिजबार ओडिकाद्जे (पुरुष 97 किलोग्राम) ने यह चारों मैच जीते और मुंबई को मैच में वापसी दिला दी।
चोट के कारण हरियाणा के कप्तान और आइकन खिलाड़ी योगेश्वर दत्त फाइनल मैच में भी नहीं खेल सके, जो हरियाणा के लिए भारी पड़ गया। बेंगलुरू के पहलवान 74 किलोग्राम भारवर्ग में खेलने वाले नरसिंह पंचम यादव और मुंबई की ओडूनायो पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहे और उन्हें पीडब्ल्यूएल के पहले संस्करण का क्रमश: सर्वश्रेष्ठ पुरुष एवं महिला पहलवान चुना गया।
योगेश्वर को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ मेंटर चुना गया।