महिला हाकी

महिला हाकी में भी अच्छी शुरूआत के बावजूद भारत को ब्रिटेन के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी। पहले क्वार्टर में सतर्क शुरूआत के बाद लंदन 2012 खेलों की कांस्य पदक विजेता ब्रिटेन की टीम ने दूसरे क्वार्टर में दो मिनट के भीतर दो गोल दागकर भारतीय टीम को हैरान किया। जिसेले एंसले ने दमदार ड्रैग फ्लिक पर कप्तान सुशील चानू और गोलकीपर सविता पूनिया को छकाते हुए ब्रिटेन की ओर से 25वें मिनट में पहला गोल दागा। भारतीय टीम संभल पाती इससे पहले ही निकोला वाइट ने मैदानी गोल दागते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। तीसरे क्वार्टर में भी इंग्लैंड का दबदबा देखने को मिला। एलेक्स डेनसन ने शानदार गोल के साथ ब्रिटेन को 33वें मिनट में 3-0 से आगे कर दिया। भारत की ओर से वंदना कटारिया ने कुछ अच्छे मूव बनाए लेकिन अंतिम लम्हों पर शारीरिक रूप से अपने से मजबूत ब्रिटेन की खिलाडि़यों से पार नहीं पा सकी। भारतीय टीम ने हालांकि पहले क्वार्टर में अपने मजबूत डिफेंस ने प्रभावित किया और अंतिम 15 मिनट में भी प्रभाव छोड़ा लेकिन टीम हार से नहीं बच सकी। मैच खत्म होने में जब सिर्फ पांच मिनट का समय बचा था तब दीपिका ठाकुर को पीला कार्ड दिखाया गया और भारतीय टीम को 10 खिलाडि़यों के साथ खेलना पड़ा लेकिन ब्रिटेन की टीम इसका फायदा उठाने में नाकाम रही।