ताइपे: भारतीय पुरुष और महिला टीम ने बीते शुक्रवार को एशियन स्क्वैश चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय पुरुष टीम ने क्वार्टर फाइनल में मलेशिया को 2-0 से मात दी। भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 3-0 से हराया। कुश कुमार और हरिंदर पाल संधू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना पाकिस्तान से होगा।
दीपिका पल्लिकल, जोशना चिनप्पा और सचिका इंगले की महिला टीम सेमीफाइनल में हांगकांग से भिड़ेगी। क्वार्टर फाइनल में कुश ने मोहम्मद कमाल को 11-4, 11-7, 11-4 से मात दी, जबकि हरिंदर ने इवान युऐन को 11-9, 11-6, 13-11 से हराया।
महिला टीम में जोशना ने मिहिलिया मेथासारणी को 11-3, 11-3, 11-7 से मात दी। दीपिका ने फातिमा नौशार्द इस्सादीन को 11-2,11-2,11-7 से शिकस्त दी। जबकि सचिका ने हेटिअची कासुनी मालकिनी गुनावर्दने को 11-7 11-6, 11-5 से हराया।