नई दिल्ली: विदेशी रेसलर्स से फाइट में जख्मी हुए खली ने रविवार को 'द ग्रेट खली रिटर्न्स मेगा शो' टाइटल अपने नाम कर लिया। उन्होंने दो मिनट में कनाडा के पहलवानों को हरा दिया। बता दें कि इस फाइट से पहले विशेष पूजा में उन्होंने कहा था, "28 फरवरी को विदेशी रेसलर को पीटकर बदला लूंगा। मैं सिर के बदले सिर फोड़ूंगा और खून के बदले खून निकालूंगा।
रात ठीक 10 बजकर 42 मिनट पर द ग्रेट खली रिटर्न्स शो का महामुकाबला शुरू हुआ। हल्द्वानी में खली पर धोखे से वार करने वाली तिकड़ी ब्रॉडी स्टील, नोक्स और अपोलो रिंग में आए। तीनों ने खली को खुला चैलेंज दिया। साथ ही हजारों की संख्या में स्टेडियम में पहुंचे खली के प्रशंसकों को भी सीधी चुनौती दे डाली।
खली रिंग में आए तो हजारों की भीड़ ने भी भारत माता के जयकारे लगाकर खली का उत्साह बढ़ाया। हर तरफ खली-खली की आवाज गूंज रही थी। खली मंच तक पहुंचते, तब तक रेफरी ने नोक्स और अपोलो को जंजीर से बांधकर चाबी खुद के पास रख ली। फिर खली और ब्रॉडी स्टील के बीच मुकाबला शुरू हुआ।
ब्रॉडी स्टील शुरूआत में खली पर भारी पड़े। उन्होंने ताबड़तोड़ वार कर खली को रिंग पर गिरा दिया। फिर ब्रॉडी ने रेफरी पर वार कर चाबी छीनी और अपने दोनों साथियों को भी छुड़ा लिया। तीनों ने मिलकर खली पर वार किए। ब्रॉडी एक बार कुर्सी लेकर रिंग पर पहुंचे और खली पर वार कर दिया। इससे वह जमीन पर गिर पड़े। पूरे स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया।
करीब ही वीवीआईपी गैलरी में बैठे सीएम हरीश रावत और प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के चेहरे पर तनाव साफ नजर आने लगा। रेस्क्यू स्टाफ स्टेचर पर खली को ले जाने लगा, लेकिन वे अचानक फिर से उठ खड़े हुए। पहले नोक्स और अपोलो की रिंग के बाहर पिटाई की। दोनों चित हुए तो खली ब्रॉडी को घसीटकर रिंग में ले गए।
खली के एक ही वार से ब्रॉडी धराशाई हो गए और खली की जीत के जश्न में स्टेडियम झूमने लगा। सीएम रावत भी खुद को नहीं रोक पाए और खली के साथ जीत को साझा करने रिंग में जा पहुंचे।