एंटवर्प (बेल्जियम): भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह ने बुधवार को कहा कि नए और युवा खिलाड़ियों के आने से टीम में ज्यादा लचीलापन आया है। भारतीय टीम फिलहाल शनिवार से शुरू हो रहे हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल में हिस्सा लेने के लिए बेल्जियम में है। हॉकी इंडिया द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 28 वर्षीय सरदार ने कहा, "नए और युवा खिलाड़ियों के आने से टीम का संयोजन और बेहतर हुआ है और खिलाड़ियों के चयन को लेकर एक लचीलापन भी आया है। इससे हमें नई रणनीति बनाने और खिलाड़ियों को चुनने के बेहतर विकल्प भी मिले हैं।"
एचडब्ल्यूएल सेमीफाइनल के लिए बेल्जियम गई 18 सदस्यीय टीम में इस बार ललित उपाध्याय, जसजीत सिंह, गुरमैल सिंह और देवेंद्र वाल्मीकि जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। इन खिलाड़ियों का चयन अगले साल होने वाले ओलंपिक खेलों की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
गौरतलब है कि एचडब्ल्यूएल सेमीफाइनल को ओलंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के तौर पर देखा जाता है। भारत हालांकि पिछले साल एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत पहले ही रियो ओलंपिक-2016 के लिए क्वालीफाई कर चुका है।
एचडब्ल्यूएल सेमीफाइनल में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत को इस टूर्नामेंट के लिए फ्रांस, पोलैंड, पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के साथ पूल-ए में रखा गया है। वहीं, पूल-बी में चीन, आयरलैंड, मलेशिया, ब्रिटेन और मेजबान बेल्जियन की टीमें होंगी।
भारत टूर्नामेंट में अपना पहला मैच 20 जून को फ्रांस के खिलाफ खेलेगा।