फीफा वर्ल्ड कप 2026 में राउंड ऑफ 32 के मुकाबले खेले जा रहे हैं जिसमें अब तक कुल 7 मुकाबले खेले जा चुके हैं और राउंड ऑफ 16 के लिए सात टीमें अपनी जगह को पक्की कर चुकी हैं। वहीं अभी 9 मुकाबले इस नॉकआउट स्टेज में खेले जाने बाकी हैं जिसको लेकर सभी फैंस की नजरें टिकी हुई हैं। एक और 2 जुलाई की सुबह तक कुल तीन मैच राउंड ऑफ 32 में होने हैं, जिसमें सबसे ज्यादा नजरें इंग्लैंड और डीआर कांगो के बीच होने वाले मैच के अलावा मेजबान अमेरिका और बोस्निया एंड हर्जेगोविना के बीच होने वाले मैच को लेकर टिकी हुई हैं। इसके अलावा बेल्जियम और सेनेगल के बीच में भी मुकाबला खेला जाएगा।
डीआर कांगो को हल्के में लेने की गलती नहीं करेगा इंग्लैंड
इंग्लैंड की फुटबॉल टीम को फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-एल में जगह मिली थी जिसमें उन्होंने खेले तीन मुकाबलों में से 2 में जहां जीत दर्ज की थी तो वहीं एक मैच ड्रॉ रहा था। अब राउंड ऑफ 32 में इंग्लैंड की टीम का सामना डीआर कांगो से होगा जिन्होंने ग्रुप-ए में उज्बेकिस्तान को मात देने के अलावा तीन मैच में से एक में जीत दर्ज की, एक बराबरी पर खत्म किया और एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर डीआर कांगो ने खत्म किया था। अब उनका राउंड ऑफ 32 में सामना इंग्लैंड की टीम से होगा जिसमें ये मैच भारतीय समयानुसार एक जुलाई की रात 9:30 पर खेला जाएगा।
बेल्जियम का होगा सेनेगल से सामना
राउंड ऑफ 32 में आज के दिन का दूसरा मुकाबला बेल्जियम और सेनेगल की टीम के बीच में होगा। बेल्जियम का ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था, जिसमें उन्होंने ग्रुप-जी में टॉप पर खत्म करते हुए नॉकआउट दौर में अपनी जगह पक्की की है। वहीं सेनेगल ग्रुप-आई में तीसरे नंबर पर खत्म किया था। ऐसे में इस मैच में बेल्जियम का पलड़ा थोड़ा भारी माना जा सकता है। दोनों टीमों के बीच में ये मैच भारतीय समयानुसार 2 जुलाई की देर रात 1:30 पर खेला जाएगा।
मेजबान अमेरिका के सामने बोस्निया एंड हर्जेगोविना की चुनौती
ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करने वाली मेजबान अमेरिका का राउंड ऑफ 32 में सामना बोस्निया एंड हर्जेगोविना से होगा। इस मैच में अमेरिका के खिलाड़ियों के खेल पर सभी की नजरें रहने वाली हैं, जिसमें ये मुकाबला भारतीय समयानुसार 2 जुलाई की सुबह 5:30 पर होगा।
ये भी पढ़ें
मेजबान मेक्सिको ने अगले राउंड में बनाई जगह, नॉर्वे भी पहली बार राउंड-16 में पहुंचने में हुआ कामयाब