फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जर्मनी ने आखिरकार वह उपलब्धि हासिल कर ली, जिसका उसके फैंस पिछले 12 सालों से इंतजार कर रहे थे। ग्रुप डी के बेहद रोमांचक मुकाबले में जर्मनी ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर न केवल लगातार दूसरी जीत दर्ज की, बल्कि राउंड ऑफ 32 यानी नॉकआउट चरण में भी अपनी जगह पक्की कर ली। मैच के हीरो रहे डेनिस उंडाव, जिन्होंने दो गोल दागकर जर्मनी को यादगार जीत दिलाई।
इस जीत के साथ जर्मनी अमेरिका और कनाडा के बाद नॉकआउट स्टेज में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है। खास बात यह है कि 2014 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद पहली बार जर्मन टीम किसी फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट दौर तक पहुंची है। 2018 और 2022 के वर्ल्ड कप में जर्मनी ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी।
आइवरी कोस्ट ने दिया कड़ा मुकाबला
अपने पहले मैच में कुराकाओ को 7-1 से रौंदने वाली जर्मन टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरी थी, लेकिन आइवरी कोस्ट के मजबूत डिफेंस ने उसे लंबे समय तक परेशान किया। गेंद पर कब्जा और अटैक के मामले में जर्मनी हावी रही, फिर भी पहला गोल आइवरी कोस्ट ने किया। 30वें मिनट में अमाद डियालो की खतरनाक गेंद जर्मन बॉक्स में पहुंची, जहां कप्तान फ्रैंक केसी ने मौके का फायदा उठाते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ आइवरी कोस्ट ने मुकाबले में 1-0 की बढ़त बना ली।
उंडाव बने जीत के हीरो
जर्मनी को पहले हाफ में दो बड़े झटके भी लगे। काई हैवर्ट्ज के शानदार हेडर को गोलकीपर याहिया फोफाना ने बेहतरीन बचाव से रोक दिया, जबकि अलेक्सांदर पावलोविच का कॉर्नर से किया गया गोल फाउल के कारण रद्द कर दिया गया। हाफ टाइम तक जर्मनी 0-1 से पीछे थी और टीम पर दबाव बढ़ता जा रहा था।
दूसरे हाफ में जर्मनी ने लगातार हमले किए और बदलावों का असर भी दिखा। आखिरकार 68वें मिनट में डेनिस उंडाव ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। 88वें मिनट में आइवरी कोस्ट के सिमोन अडिंग्रा के पास गोल्डन मौका था, लेकिन वह उसे भुना नहीं सके। यही चूक अंत में उनकी हार का कारण बनी।
12 साल बाद नॉकआउट में पहुंचा जर्मनी
इंजरी टाइम में फेलिक्स एनमेचा ने बॉक्स के अंदर उंडाव को शानदार पास दिया। स्टुटगार्ट के इस स्ट्राइकर ने बेहतरीन नियंत्रण दिखाते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया और जर्मनी को 2-1 की नाटकीय जीत दिला दी। इस जीत के साथ जर्मनी ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और ग्रुप डी से नॉकआउट स्टेज में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया। 2014 में वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद जर्मन टीम पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट दौर में पहुंची है।
यह भी पढ़ें
IND vs AFG: रोहित शर्मा ने हासिल की नंबर-1 की कुर्सी, राहुल द्रविड़ को भी छोड़ दिया पीछे