1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. फ्रेंच ओपन 2025 में भारतीय खिलाड़ियों से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद, सात्विक-चिराग पर होंगी निगाहें

फ्रेंच ओपन 2025 में भारतीय खिलाड़ियों से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद, सात्विक-चिराग पर होंगी निगाहें

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Oct 21, 2025 12:48 pm IST,  Updated : Oct 24, 2025 08:40 am IST

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में खिताबी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।

French Open 2025- India TV Hindi
सात्विक-चिराग Image Source : PTI

एशिया में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत की शीर्ष पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी अब फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में खिताबी जीत के लक्ष्य के साथ उतरने जा रही है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 21 अक्टूबर से शुरू होगा। वर्ल्ड रैंकिंग में छठे नंबर पर मौजूद सात्विक-चिराग की जोड़ी ने हाल ही में बेहतरीन फॉर्म दिखाया है। उन्होंने हांगकांग और चाइना मास्टर्स में फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि डेनमार्क ओपन के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में यह भारतीय जोड़ी इंडोनेशिया के मुहम्मद रियान अर्दियांतो और रहमत हिदायत की जोड़ी से भिड़ेगी।

तीसरे खिताब की तलाश में भारतीय जोड़ी

सात्विक और चिराग ने 2022 और 2024 में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था। अब वे एक बार फिर अपने इस शानदार प्रदर्शन को दोहराने के इरादे से कोर्ट में उतरेंगे। इस साल वे वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में भी अपना दूसरा कांस्य पदक जीत चुके हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास चरम पर है।

भारत के अन्य दावेदार भी मैदान में

पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन, जिन्होंने हाल ही में हांगकांग ओपन के फाइनल में जगह बनाई थी, अपने पहले मुकाबले में आयरलैंड के नहत गुयेन से भिड़ेंगे। वहीं, अमेरिकन ओपन चैंपियन आयुष शेट्टी को जापान के कोकी वतनबे के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। महिला सिंगल्स में उभरती हुई युवा खिलाड़ी अनमोल खरब को पहले दौर में कोरिया की शीर्ष वरीय एन से-यंग के खिलाफ कठिन मुकाबला खेलना होगा। अनुपमा उपाध्याय का सामना चीन की चौथी वरीय हान यू से होगा, जबकि विश्व जूनियर चैंपियनशिप की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा मलेशिया की करुपाथेवन लेत्शाना से भिड़ेंगी।

डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में भी भारत की चुनौती

पुरुष युगल में पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और साई प्रतीक अपनी चुनौती पेश करेंगे। महिला युगल में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंह की जोड़ी का मुकाबला पांडा बहनों रुतुपर्णा और श्वेतपर्णा पांडा से पहले दौर में होगा। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो तथा रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ियां खिताब की दौड़ में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। भारतीय खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि फ्रेंच ओपन 2025 में भारत की झोली में एक से अधिक पदक आ सकते हैं।

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें

वनडे सीरीज के बीच इस टीम को लगा बड़ा झटकाधाकड़ गेंदबाज हुआ बाहर

रोहित-विराट वाली लिस्ट में शामिल हुआ जोस बटलर का नामऐसा करने वाले बने दुनिया के पांचवें प्लेयर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल