1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारत के युवा ग्रैंडमास्टर प्रागननंदा ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लसन को हराकर किया बड़ा उलटफेर

भारत के युवा ग्रैंडमास्टर प्रागननंदा ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लसन को हराकर किया बड़ा उलटफेर

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Feb 21, 2022 12:07 pm IST,  Updated : Feb 21, 2022 12:07 pm IST

आर प्रगाननंदा ने ऑनलाइन रैपिड शतरंज टूर्नामेंट एयरथिंग्स मास्टर्स के दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैगनस कार्लसन को हराकर बड़ा उलटफेर किया। भारतीय ग्रैंडमास्टर के इस जीत से आठ अंक हो गये हैं और वह आठवें दौर के बाद संयुक्त 12वें स्थान पर हैं। 

File photo of Grandmaster Praggnanandhaa - India TV Hindi
File photo of Grandmaster Praggnanandhaa  Image Source : ANI

Highlights

  • ग्रैंडमास्टर आर प्रगाननंदा ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैगनस कार्लसन को हराया
  • सोमवार की सुबह खेली गयी बाजी में प्रगाननंदा ने काले मोहरों से खेलते हुए कार्लसन को 39 चाल में हराया
  • भारतीय ग्रैंडमास्टर के इस जीत से आठ अंक हो गये हैं और वह आठवें दौर के बाद संयुक्त 12वें स्थान पर

भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर प्रगाननंदा ने ऑनलाइन रैपिड शतरंज टूर्नामेंट एयरथिंग्स मास्टर्स के दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैगनस कार्लसन को हराकर बड़ा उलटफेर किया। आठवें दौर में प्रगाननंदा ने सोमवार की सुबह खेली गयी बाजी में काले मोहरों से खेलते हुए कार्लसन को 39 चाल में हराया। उन्होंने इस तरह से कार्लसन के विजय अभियान पर भी रोक लगायी जिन्होंने इससे पहले लगातार तीन बाजियां जीती थी। भारतीय ग्रैंडमास्टर के इस जीत से आठ अंक हो गये हैं और वह आठवें दौर के बाद संयुक्त 12वें स्थान पर हैं। 

पिछले दौर की बाजियों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले प्रगाननंदा की कार्लसन पर जीत अप्रत्याशित रही। उन्होंने इससे पहले केवल लेव आरोनियन के खिलाफ जीत दर्ज की थी। इसके अलावा प्रगाननंदा ने दो बाजियां ड्रॉ खेली जबकि चार बाजियों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने अनीश गिरी और क्वांग लीम के खिलाफ बाजियां ड्रॉ करायी थी जबकि एरिक हैनसेन, डिंग लिरेन, जान क्रिज़स्टोफ डूडा और शखरियार मामेदयारोव से उन्हें हार झेलनी पड़ी थी। कुछ महीने पहले नार्वे के कार्लसन से विश्व चैंपियनशिप का मुकाबला हारने वाले रूस के इयान नेपोमनियाचची 19 अंक के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद डिंग लिरेन और हैनसेन (दोनों 15 अंक) का नंबर आता है। एयरथिंग्स मास्टर्स में 16 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें खिलाड़ी को जीत पर तीन अंक और ड्रॉ पर एक अंक मिलता है। बता दें कि प्रारंभिक चरण में अभी सात दौर की बाजियां खेली जानी बाकी हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल