1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारतीय हॉकी टीम ने सिंगापुर को 16-1 से हराया, इन खिलाड़ियों ने किए गोल

भारतीय हॉकी टीम ने सिंगापुर को 16-1 से हराया, इन खिलाड़ियों ने किए गोल

 Published : Sep 26, 2023 01:57 pm IST,  Updated : Sep 26, 2023 01:57 pm IST

Asian Games 2023: एशियन गेम्स 2023 में भारतीय हॉकी टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को 16-1 से हरा दिया। इससे पहले भारत ने उजबेकिस्तान के खिलाफ 16-0 से जीत दर्ज की थी।

Indian Hockey Team- India TV Hindi
Indian Hockey Team Image Source : HOCKEY TEAM TWITTER

एशियन गेम्स 2023 में भारतीय हॉकी टीम बहुत ही शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को 16-1 से हरा दिया। भारतीय प्लेयर्स ने इस मैच में कमाल का प्रदर्शन किया। भारत के सामने सिंगापुर के खिलाड़ी टिक नहीं पाए। इससे पहले भारतीय हॉकी टीम ने उजबेकिस्तान के खिलाफ 16-0 से जीत दर्ज की थी। टीम का अगला मैच जापान से होगा। 

भारत ने जीता मैच 

एशियन गेम्स 2023 में भारतीय हॉकी टीम को पहली वरीयता मिली है। टीम ने वरीयता के हिसाब से अच्छा प्रदर्शन किया है। सिंगापुर के खिलाफ हॉफ टाइम तक भारत ने 6-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। भारतीय प्लेयर्स ने ज्यादातर समय गेंद को अपने पाले में रखा और लगातार गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह ने गोल की हैट्रिक लगाई। टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम को सिंगापुर को हराने में कोई मुश्किल नहीं आई, क्योंकि भारत की रैंकिंग तीसरी है। वहीं सिंगापुर 49वें स्थान पर काबिज है। 

इन प्लेयर्स ने किए गोल 

भारत को अब पूल ए के अगले लीग मैच में 28 सितंबर को गत चैम्पियन जापान से खेलना है । भारत के लिए हरमनप्रीत ने चार (24वां, 39वां, 40वां, 42वां मिनट), मनदीप ने तीन (12वां, 30वां और 51वां), वरूण कुमार ने दो (55वें मिनट में), अभिषेक ने दो (51वां और 52वां), वी एस प्रसाद (23वां), गुरजंत सिंह (22वां), ललित उपाध्याय (16वां), शमशेर सिंह (38वां) और मनप्रीत सिंह (37वां) ने गोल दागे। सिंगापुर के लिए एकमात्र गोल मोहम्मद जकी बिन जुल्करनैन ने 53वें मिनट में दागा। भारत ने धीमी शुरुआत की लेकिन गेंद पर नियंत्रण में बाजी मारी। 

दूसरे क्वार्टर में किया कमाल 

12वें मिनट में गुरजंत के पास पर मनदीप ने गोल करके खाता खोला। पहले क्वार्टर में भारत को पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन एक पर भी गोल नहीं हो सका। भारत ने दूसरे क्वार्टर में बेहतर खेलते हुए दनादन पांच गोल मारे। दूसरे क्वार्टर की शुरूआत में ललित ने भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। वहीं 21वें मिनट में गुरजंत ने तीसरा गोल किया जिन्हें मनदीप ने पास दिया था। विवेक सागर प्रसाद ने एक मिनट बाद भारत का चौथा गोल किया। हरमनप्रीत ने अगले मिनट पेनल्टी पर गोल करके स्कोर 5-0 कर दिया।

हाफटाइम से ठीक पहले पेनल्टी कॉर्नर पर अमित रोहिदास की फ्लिक को मनदीप ने गोल के भीतर डाला। ब्रेक के बाद भारत को 11वां पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन हरमनप्रीत की फ्लिक गोल के बाहर से निकल गई। मनप्रीत ने 37वें मिनट में भारत की बढत में विस्तार किया और पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत की फ्लिक पर रिबाउंड से गोल दागा। हरमनप्रीत ने इसके बाद दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। शमशेर ने भी एक गोल किया। हरमनप्रीत ने अपना चौथा गोल पेनल्टी कॉर्नर पर दागा। वरूण ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर भुनाकर आखिरी पांच मिनटमें दो गोल दागे । भारत को मैच में 22 पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन आठ पर ही गोल हो सका। 

(Input:PTI)

यह भी पढ़ें: 

सेलिंग में नेहा ठाकुर ने जीता सिल्वर मेडल, एशियन गेम्स 2023 में भारत के हुए इतने पदक

ODI World Cup 2023 : श्रीलंका ने जारी किया अपना स्क्वाड, इन खिलाड़ियों को मिली जगह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल