1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. दूसरे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा, जैवलिन टूर्नामेंट में इस खिलाड़ी ने मार ली बाजी

दूसरे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा, जैवलिन टूर्नामेंट में इस खिलाड़ी ने मार ली बाजी

 Edited By: Govind Singh
 Published : May 23, 2025 11:48 pm IST,  Updated : May 23, 2025 11:48 pm IST

ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल टूर्नामेंट में नीरज चोपड़ा दूसरे स्थान पर रहे हैं। वह इस स्पर्धा में अपना अच्छा नहीं कर पाए।

नीरज चोपड़ा- India TV Hindi
नीरज चोपड़ा Image Source : GETTY

भारत के स्टार जैवलिन खिलाड़ी नीरज चोपड़ा पोलैंड में आयोजित ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल टूर्नामेंट में पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में जर्मनी के जूलियन वेबर के पीछे दूसरे स्थान पर रहे। भारतीय प्लेयर नीरज इस स्पर्धा में अपनी लय में दिखाई नहीं दिए और अपना बेहतरीन प्रदर्शन नहीं कर सके। इस वजह से उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

नीरज चोपड़ा ने तीन फाउल किए

27 साल के नीरज चोपड़ा अंतिम दौर से पहले तीसरे स्थान पर थे। उन्होंने अपने छठे और अंतिम राउंड में अपना भाला 84.14 मीटर की दूरी पर फेंका और दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने अपने दूसरे और पांचवें राउंड में क्रमशः 81.28 मीटर और 81.80 मीटर की दूरी तय की। उनके अन्य तीन राउंड फाउल थे।

जूलियन वेबर ने किया कमाल

टूर्नामेंट का आयोजन सिलेसियन स्टेडियम में दिन में हुई बारिश के बाद आसमान में बादल छाए रहने के बीच किया गया। हाल ही में (16 मई) दोहा डायमंड लीग में 90 मीटर स्पर्धा में नीरज चोपड़ा को हराकर टॉप स्थान हासिल करने वाले जर्मनी के जूलियन वेबर दूसरे दौर में 86.12 मीटर की दूरी के थ्रो के साथ फिर से टॉप स्थान पर रहे।

एंडरसन पीटर्स तीसरे नंबर पर रहे

दो बार के विश्व चैंपियन ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स 83.24 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वह दोहा में भी तीसरे स्थान पर रहे थे। यह भुवनेश्वर में 2024 फेडरेशन कप में 82.27 मीटर के प्रयास के बाद पहली बार है जब नीरज चोपड़ा ने किसी स्पर्धा में 85 मीटर से कम का सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया था। चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर दूर तक भाला फेंका। यह पहली बार था जब उन्होंने किसी स्पर्धा में 90 मीटर से अधिक की दूरी तय की थी। दोहा में भी चोपड़ा वेबर (91.06 मीटर) के बाद दूसरे स्थान पर थे।

(Input: PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।