महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने भारत आने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। वह दिसंबर में होने वाले ‘GOAT टूर इंडिया 2025’ में शिरकत करेंगे। मेसी ने कहा कि भारत जैसे फुटबॉल-प्रेमी देश में दोबारा आना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। गौरतलब है कि 14 साल पहले 2011 में उन्होंने पहली बार कोलकाता में भारत में मैच खेला था। अपने बयान में मेसी ने कहा कि भारत एक बेहद खास देश है। यहां बिताए पुराने लम्हों की यादें अब भी ताजा हैं। यहां के फैंस जुनून से भरे हुए हैं और वह नई पीढ़ी से मिलने के लिए उत्सुक हैं।
मेसी का दौरा 13 दिसंबर से कोलकाता से शुरू होगा, जहां वह सॉल्ट लेक स्टेडियम में GOAT कॉन्सर्ट और GOAT कप में हिस्सा लेंगे। इस विशेष मुकाबले में उनके साथ भारतीय खेल दिग्गज सौरव गांगुली, बाईचुंग भूटिया और लिएंडर पेस जैसे सितारे भी मैदान पर उतर सकते हैं। आयोजक यहां 25 फीट ऊंचा भित्ति चित्र और मेसी की अब तक की सबसे बड़ी प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। टिकट की कीमत 3500 रुपये से शुरू होने की उम्मीद है।
PM से मिलेंगे मेसी
इसके बाद मेसी अहमदाबाद, मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे। मुंबई में वे ‘पैडल GOAT कप’ का हिस्सा बनेंगे, जिसमें शाहरुख खान, सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी जैसे सितारों की मौजूदगी संभव है। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा इंतजाम अभूतपूर्व रहने वाले हैं। दौरे का समापन 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ होगा।
भारत में दिखेगा मेसी का जलवा
दिलचस्प बात यह है कि अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम भी नवंबर में भारत आ सकती है। फीफा इंटरनेशनल विंडो (10 से 18 नवंबर) के दौरान कोच लियोनेल स्कालोनी की टीम केरल में एक फ्रैंडली मैच खेलने की योजना बना रही है। हालांकि, इस मैच का प्रतिद्वंद्वी और वेन्यू अभी तय नहीं हुआ है। यदि मेसी टीम के साथ आते हैं तो भारत में फैंस उन्हें दो महीनों में दो बार देखने का सौभाग्य पा सकते हैं। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट और 2022 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान मेसी का यह दौरा भारत में अब तक का सबसे बड़ा फुटबॉल आयोजन माना जा रहा है। उनके आगमन से भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए यह दिसंबर यादगार बनने वाला है।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें:
IND vs WI: ऋषभ पंत क्यों नहीं खेल रहे अहमदाबाद टेस्ट? ध्रुव जुरेल कर रहे विकेटकीपिंग
कुलदीप यादव ने फेंकी ऐसी गेंद, हक्का-बक्का रह गया विरोधी बल्लेबाज; लौटना पड़ा पवेलियन