महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी रविवार को ‘विश्व कप स्तर’ की सुरक्षा के बीच मुंबई पहुंचे। मेसी के चार शहरों के ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ का यह दूसरा दिन है। विश्व कप जीतने वाली अर्जेंटीना की टीम के कप्तान मेसी ताज कोलाबा में थोड़ी देर आराम करने के बाद क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया जाएंगे जहां वह एक पैडल GOAT क्लब स्पर्धा में शामिल होंगे।
मुंबई में सुरक्षा के पूरे इंतजाम
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक इसके बाद लियोनल मेसी सेलीब्रिटी फुटबॉल मैच में शिरकत करेंगे। इंटर मियामी टीम के अपने साथी लुई सुआरेज और रोड्रिगो डि पॉल के साथ उनके शाम पांच बजे के आसपास वानखेड़े स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है। मुंबई पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है जिसमें स्टेडियम के अंदर पानी की बोतलें, धातु की चीजें और सिक्के ले जाने पर प्रतिबंध शामिल है जबकि भीड़ पर नजर रखने के लिए ‘वॉचटावर’ भी लगाए गए हैं। मेसी के दौरे के दौरान भारी भीड़ की उम्मीद करते हुए पुलिस ने स्टेडियम के अंदर और बाहर दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कोलकाता में हुई अराजकता और सुरक्षा में चूक को देखते हुए हमने ब्रेबोर्न और वानखेड़े स्टेडियम में विश्व कप स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की है। वह शनिवार तड़के भारत पहुंचे थे लेकिन कोलकाता में दौरे का पहला चरण खराब भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा में चूक के कारण जल्द ही अराजकता में बदल गया। हालांकि हैदराबाद चरण में उनका शाम का कार्यक्रम कोलकाता की अराजकता के बिल्कुल विपरीत था जो सही ढंग से चला।
कोलकाता में फैंस हुए थे आगबबूला
लियोनल मेसी ने कोलकाता पहुंचने के बाद अपनी 70 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया था। बाद में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से भी मिले थे। इसके बाद उन्होंने संजीव गोयनका से भी मुलाकात की थी। बाद में वह सॉल्ट लेक स्टेडियम में पहुंचे थे। लेकिन वहां पर भारी भीड़ मौजूद थी। इसी वजह से वह जल्दी निकल गए थे। इसी वजह से वहां पर मौजदू फैंस गुस्सा हो गए और उन्होंने स्टेडियम में पानी की बोतलें और कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। इसी वजह से पूरा माहौल बदल गया और वहां हंगामा शुरू हो गया।
(Input: PTI)
यह भी पढ़ें:
भारतीय बल्लेबाज के सिर में लगी गेंद, फिर भी क्रीज पर डटा रहा; पाकिस्तान के खिलाफ दिखाई हिम्मत
यशस्वी जायसवाल का आया तूफान, शानदार शतक जड़कर टीम को दिलाई जीत; सरफराज खान भी चमके