1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Paris Diamond League 2025: तिरंगा लहराएंगे नीरज चोपड़ा, कितने बजे शुरू होगा मुकाबला; कहां होगी लाइव स्ट्रीमिंग

Paris Diamond League 2025: तिरंगा लहराएंगे नीरज चोपड़ा, कितने बजे शुरू होगा मुकाबला; कहां होगी लाइव स्ट्रीमिंग

 Published : Jun 20, 2025 12:52 pm IST,  Updated : Jun 20, 2025 12:53 pm IST

पेरिस डायमंड लीग 2025 में नीरज चोपड़ा अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे और उनकी निगाहें एक बार फिर 90 मीटर से ज्यादा का थ्रो फेंकने पर होंगी।

नीरज चोपड़ा- India TV Hindi
नीरज चोपड़ा Image Source : GETTY

भारत के स्टार जैविलन प्लेयर नीरज चोपड़ा शुक्रवार को देर रात पेरिस डायमंड लीग 2025 में चुनौती पेश करेंगे। तब उनकी नजरें खिताब जीतने पर होंगी। यहां पर उन्हें जर्मनी के जूलियन वेबर, दो बार के विश्व चैम्पियन ग्रेनाडा के पीटर्स एंडरसन से कड़ी चुनौती मिलेगी। पेरिस डायमंड लीग में कुल 8 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें से पांच 90 मीटर का आंकड़ा छू चुके हैं।

यूट्यूब चैनल पर देख सकते हैं लाइव स्ट्रीमिंग

पेरिस डायमंड लीग 2025 में नीरज चोपड़ा के मैच की शुरुआत शुक्रवार देर रात (भारतीय समयानुसार 1:15 बजे) होगी। इस स्पर्धा का भारत में किसी चैनल पर प्रसारण नहीं होगा। आप वांडा डायमंड लीग के यूट्यूब चैनल पर इस स्पर्धा की स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।

वेबर से पिछली दो बार का बदला लेना चाहेंगे नीरज चोपड़ा

जूलियन वेबर ने 16 मई को दोहा डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा को हराया था, जिसमें वेबर ने आखिरी थ्रो 91.06 मीटर का फेंककर पहला स्थान हासिल किया था। चोपड़ा 90.23 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। 31 साल के वेबर ने 23 मई को पोलैंड में जानुज कुसोसिंकी मेमोरियल स्पर्धा में भी चोपड़ा को हराया था। वेबर ने 86.12 मीटर और चोपड़ा ने 84.14 मीटर का थ्रो फेंका था। पीटर्स दोनों में तीसरे स्थान पर रहे थे। 

8 साल बाद लेंगे हिस्सा

नीरज चोपड़ा डायमंड लीग के पेरिस चरण में आठ साल बाद खेलेंगे। उन्होंने पिछले साल ओलंपिक पर फोकस करने के लिए पेरिस डायमंड लीग में भाग नहीं लिया था। आखिरी बार उन्होंने 2017 में पेरिस डायमंड लीग में जूनियर विश्व चैम्पियन के तौर पर खेलकर पांचवां स्थान हासिल किया था। 

नीरज चोपड़ा के अलावा इन प्लेयर्स पर भी रहेंगी निगाहें

नीरज चोपड़ा और जूलियन वेबर के अलावा पीटर्स एंडरसन भी 2022 में 90 मीटर की बाधा पार कर चुके हैं। कीनिया के 2015 विश्व चैम्पियन जूलियस येगो और त्रिनिदाद और टोबैगो के 2012 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता केशोर्न वालकॉट भी 90 मीटर क्लब में शामिल हैं जिन्होंने 2015 में यह कारनामा किया था। इनके अलावा पेरिस डायमंड लीग में ब्राजील के लुईज मौरिशियो डा सिल्वा, मोलडोवा के एड्रियन मारडारे और फ्रांस के रेमी रूजेटे भी भाग लेंगे।

(Input: PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल