Highlights
- Apple ने भारत में पहली बार 10 बिलियन डॉलर यानी लगभग 95 हजार करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है।
- एप्पल की कमाई का बड़ा हिस्सा iPhone से है, जिसका आंकड़ा 87 हजार करोड़ रुपये के पार है।
- पिछले कुछ साल से भारत में iPhone का क्रेज बढ़ा है।
Apple लगातार भारत में अपना मार्केट शेयर बढ़ा रहा है। कंपनी के iPhone का भारतीय यूजर्स के बीच जबरदस्त क्रेज है। कंपनी ने पिछले कुछ सालों में भारत के कई मैट्रो शहरों में अपना फिजिकल एप्पल स्टोर ओपन किया है। यही नहीं, एप्पल के आईफोन भी बड़े पैमाने पर भारत में असेंबल किए जा रहे हैं। हाल में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, क्यूपरटिनो की कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-2026 में भारत में पहली बार 10 अरब डॉलर यानी लगभग 95 हजार करोड़ रुपये की बिक्री का आंकड़ा पार किया है।
बड़ा प्रॉफिट मार्जिन
यह एप्पल की भारत में अब तक की सर्वाधिक कमाई है। जहां एक तरफ माना जा रहा था कि दुनिया के कई मार्केट में एप्पल के आईफोन की बिक्री की रफ्तार धीमी हो रही है, वहीं भारत में आईफोन की डिमांड लगातार बढ़ रही है। एप्पल की बड़ी कमाई की वजह प्रॉफिट मार्जिन है। अन्य कंपनियां अपने 50 प्रोडक्ट बेचकर जितनी कमाई करती है उतनी एप्पल अपने एक प्रोडक्ट बेचकर कमा लेता है।
Apple की इस रिकॉर्डतोड़ कमाई केवल iPhone की बिक्री से नहीं हुई है। कंपनी के अन्य प्रोडक्ट्स जैसे कि MacBook, iPad, Apple Watch और AirPods की बिक्री भी भारत में लगातार बढ़ रही है। हालांकि, इनमें केवल iPhone बेचकर एप्पल ने करीब 87 हजार करोड़ रुपये की कमाई की है। iPhone 15 और iPhone 16 सीरीज के साथ-साथ iPhone 17 सीरीज भी ग्लोबली खूब बिकी हैं।
भारत उभरता हुआ बाजार
एप्पल सीईओ टिम कुक का भी कहना है कि भारत उनके लिए एक बड़ा उभरता हुआ बाजार है। आईफोन की तेजी से हो रही बिक्री की बड़ी वजह युवाओं खास तौर पर कंटेंट क्रिएटर्स के बीच इसकी डिमांड है। कंपनी भी अमेरिका और चीन के बीच चल रहे तनातनी को देखते हुए भारत को अपने वैकल्पिक मैन्युफैक्चरिंग हब के तौर पर डेवलप करना शुरू कर दिया है। भारत में बने आईफोन यूरोपीय और अमेरिकी बाजार में एक्सपोर्ट किए जा रहे हैं।
कंपनी अगले महीने iPhone 18 Pro सीरीज भारत समेत ग्लोबल मार्केट में लॉन्च करने वाली है। इसके अलावा कंपनी का पहला फोल्डेबल आईफोन भी लॉन्च किया जाएगा। इन अपकमिंग आईफोन के डमी यूनिट्स से लेकर रेंडर्स सामने आ चुके हैं। यही नहीं, इनके कई फीचर्स को कीमत भी लीक हुए हैं।
यह भी पढ़ें - आधी कीमत में मिल रहा 43 इंच वाला LED Smart TV, फ्लिपकार्ट पर तगड़ा ऑफर