Apple ने अपने सालाना WWDC इवेंट में कई बड़ी घोषणाएं की हैं, जिनमें iOS 27, macOS 27, watchOS 27 के अलावा Siri का नया वर्जन भी शामिल है। अमेरिकी टेक कंपनी ने Siri के नए वर्जन में AI का इस्तेमाल किया है, ताकि यूजर्स को ऑन-डिवाइस एआई बेस्ड फीचर्स मिल सके। Mac यूजर्स के नए ऑपरेटिंग सिस्टम का नामकरण करते हुए टिम कुक ने बताया कि इसे अब Golden Gate के नाम से जाना जाएगा।
WWDC 2026 में अपने कीनोट के दौरान कुक ने बताया कि एप्पल अपने यूजर्स का एक्सपीरियंस बेहतर करने के लिए लगातार काम कर रहा है। कंपनी ने अपने ऐप्स को पहले से ही तेज, स्मूद और इफेक्टिव बना चुकी है। इसके अलावा कई ऐप्स के डिजाइन को भी अपग्रेड किया है। पिछले साल लॉन्च हुए iOS 26 में कंपनी ने लिक्विड ग्लास पैनल का इस्तेमाल किया था। macOS में कंपनी ने ग्लास स्लाइडर की जरह Windows जैसा टाइल डिजाइन यूज किया है।
iOS 27 में क्या है खास?
इवेंट के दौरान टिम कुक ने iPhone यूजर्स के नए ऑपरेटिंग सिस्टम iOS 27 की घोषणा की है, जिसमें कंपनी ने यूजर्स को बेहतर एक्सपीरियंस देने की कोशिश की है। कीनोट में कुक ने कहा कि iOS 27 में ऐप्स पहले के मुकाबले 30% तक तेजी से ओपन होंगे यानी ऐप ओपन होने के समय को कम किया गया है। साथ ही, कंपनी ने iOS 27 सपोर्टेड डिवाइस की लिस्ट भी जारी की है। iPhone 11 और उसके बाद लॉन्च होने वाले सभी आईफोन में यूजर्स को iOS 27 मिलेगा। हालांकि, अभी यह अपडेट रोल आउट नहीं किया जाएगा।
सितंबर में होने वाले एप्पल इवेंट के बाद ही यह नया OS रिलीज किया जाएगा। हालांकि, बीटा प्रोग्राम में भाग लेने वाले यूजर्स को iOS 27 का बीटा वर्जन मिलने लगेगा। इसके लिए फिलहाल कंपनी ने कोई डेट जारी नहीं की है। कुछ बीटा वर्जन रिलीज होने के बाद इसका फाइनल वर्जन रोल आउट किया जाएगा।
फाइल ट्रांसफर हुआ तेज
iOS 27 में हुए बड़े बदलाव की बात करें तो AirDrop को पहले के मुकाबले फास्ट बनाया गया है। इसके जरिए डेटा ट्रांसफर की स्पीड को 80% तक तेज किया गया है। यूजर्स आसानी से एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस में तेजी से फोटो, वीडियो और अन्य फाइल्स को ट्रांसफर कर सकेंगे। वहीं, स्टोरेज डिवाइस से फोन या पैड या अन्य डिवाइस के बीच फाइल ट्रासफर भी अब 5 गुना तेज हो जाएगा।
iPhone, iPad, Mac आदि डिवाइसेज के यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए Home Screen से अलग-अलग ऐप्स के बीच स्विच करने के एनिमेशन में बदलाव किया है, जो पहले के मुकाबले ज्यादा स्मूद हो गया है। Mac यूजर्स के लिए अलग-अलग डेस्कटॉप में स्विच करना भी ज्यादा स्मूद हो जाएगा।

Child Accounts
एप्पल ने टीनएजर्स के लिए नए Child Accounts की घोषणा की है। Google की तरह अब एप्पल यूजर्स भी चाइल्ड अकाउंट क्रिएट कर सकेंगे। इस अकाउंट का कंट्रोल पैरेंट अकाउंट के पास होगा। चाइल्ड अकाउंट के जरिए लॉग-इन हुए एप्पल डिवाइस में सेफ्टी के कुछ पेरामीटर्स सेट किए गए हैं। इसके जरिए एडल्ट कंटेंट और वेबसाइट को ब्लॉक किया जाएगा, ताकि बच्चे और टीनएजर्स उन कंटेंट्स को एक्सेस नहीं कर पाएंगे, जो उनके लिए नहीं है।
नए Siri में क्या है खास?
एप्पल ने Siri को भी अपग्रेड करने का काम किया है। कंपनी के इस वर्चुअल असिस्टेंट में अब AI का इस्तेमाल होगा। इसे पहले के मुकाबले ज्यादा एडवांस बनाया गया है, ताकि यूजर्स आसानी से इसके साथ कन्वर्सेशन कर पाएंगे। यह पहले के मुकाबले ज्यादा नेचुरल तरीके से बातचीत कर पाएगा। इसके लिए डेडिकेटेड Siri ऐप जोड़ा गया है, जो Google Gemini ऐप की तरह ही कन्वर्सेशनल होगा।
यह भी पढ़ें - 11,499 रुपये में लॉन्च हुआ QLED Smart TV, बड़ी स्क्रीन के साथ मिलेगा थिएटर वाला एक्सपीरियंस