OnePlus जल्द ही 9000mAh बैटरी वाला फोन लॉन्च करने की तैयारी में है। वनप्लस का यह फोन नॉर्ड सीरीज में पेश किया जाएगा। सामने आ रही रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी कंपनी का यह फोन पिछले साल आए OnePlus Nord 5 का अपग्रेड मॉडल होगा। कंपनी पहले ही 7,500mAh की बैटरी वाला फोन भारत समेत ग्लोबल मार्केट में उतार चुकी है। यह वनप्लस का पहला फोन होगा, जो 9000mAh बैटरी में आएगा।
भारतीय टिप्स्टर योगेश बरार ने X पर वनप्लस के इस अपकमिंग फोन के बारे में डिटेल शेयर की है। योगेश बरार ने अपने पोस्ट में कहा कि Nord 6 में बड़ी बैटरी के साथ-साथ चिपसेट में भी अपग्रेड किया जा सकता है। पिछले दिनों वनप्लस के इस फोन को सर्टिफिकेशन साइट गीकबेंच पर देखा गया है। गीकबेंच लिस्टिंग के मुताबिक, OnePlus Nord 6 में Qualcomm Snapragon 8s Gen 4 चिपसेट यूज हो सकता है।
OnePlus Nord 6 को चीनी बाजार में लॉन्च हुए OnePlus Turbo 6 जैसे फीचर्स के साथ पेश किया जा सकता है। वनप्लस का यह अपकमिंग मिड बजट फोन 6.78 इंच के AMOLED डिस्प्ले के साथ आ सकता है, जो 1.5K रेजलूशन को सपोर्ट करेगा। इसके अलावा फोन का डिस्प्ले 165Hz हाई रिफ्रेश रेट को सपोर्ट कर सकताा है। खास तौर पर यह डिवाइस गेमर्स को पसंद आ सकता है।
OnePlus Turbo 6 की तरह ही इस फोन में भी 9000mAh की बैटरी के साथ 80W फास्ट चार्जिंग फीचर मिलने की उम्मीद है। कैमरे की बात करें तो वनप्लस का यह अपकमिंग फोन 50MP के मेन कैमरे के साथ आ सकता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 16MP का कैमरा दिए जाने की उम्मीद है। कैमरे के मामले में OnePlus Nord 6 में पिछले मॉडल के मुकाबले बड़ा अपग्रेड देखने को नहीं मिलेगा।
OnePlus Nord 6 को भारत समेत ग्लोबल मार्केट में अगले महीने यानी अप्रैल में पेश किया जा सकता है। OnePlus Nord 6 के साथ-साथ OnePlus Nord CE 6 और OnePlus Nord CE 6 Lite भी पेश किए जा सकते हैं। हालांकि, कंपनी की तरफ से इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें - घर के WiFi में आ रही दिक्कत? कर लें ये सेटिंग्स, कनेक्टिविटी हो जाएगी बेहतर
संपादक की पसंद