1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. ‘भारत जोड़ो यात्रा कुछ ऐसी है, जैसे बिल्ली…’, BRS नेता कविता का राहुल गांधी पर बड़ा हमला

‘भारत जोड़ो यात्रा कुछ ऐसी है, जैसे बिल्ली…’, BRS नेता कविता का राहुल गांधी पर बड़ा हमला

 Published : Aug 16, 2023 08:18 pm IST,  Updated : Aug 16, 2023 08:18 pm IST

भारत राष्ट्र समिति की नेता के. कविता ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।

Kavitha, Kavitha BRS, Kavita Rahul Gandhi, Bharat Jodo Yatra- India TV Hindi
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी। Image Source : FILE

निजामाबाद: भारत राष्ट्र समिति (BRS) की विधान पार्षद के.कविता ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। कविता ने कहा कि हाल में खत्म हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कुछ इस तरह है, जैसे ‘1000 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।’ उन्होंने भोदान में BRS कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने 62 वर्ष तक देश पर शासन किया, जिसमें ‘गरीबी हटाओ’ के नारे के बावजूद ‘गरीब, गरीब ही बने रहे।’ अगला आम चुनाव निजामाबाद लोकसभा सीट से लड़ने की घोषणा करने के बाद यह कविता का इस इलाके का पहला दौरा है।

‘कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा देकर गरीबों को हटा दिया’

कविता के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने एक विशाल रैली आयोजित की थी। तेलंगाना में सत्तारूढ़ पार्टी की नेता ने आरोप लगाया, ‘उन्होंने (राहुल गांधी) एक पैदल मार्च निकाला, ‘भारत जोड़ो यात्रा’। आप जानते हैं मैं कैसा महसूस करती हूं? हजार चूहों को मार कर एक बिल्ली हज यात्रा को निकलती है। ऐसी है राहुल गांधी जी की यात्रा। कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी के बाद 62 साल तक शासन किया। आपने मुसलमानों के लिए क्या किया? आप ‘गरीबी हटाओ’ कहते रहे। आपने गरीबों के लिए क्या किया? आपने गरीबों को हटाया, गरीबी को नहीं।’

‘कार और सरकार के अलावा कुछ नहीं सोच रहा मुसलमान’
कविता ने BRS कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने यहां हर घर और मस्जिद के मौलानाओं से मिलें और उन्हें ये समझायें कि कांग्रेस को वोट क्यों नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘तेलंगाना में कोई भी वह क्रांति नहीं ला सका जो मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पिछले 10 में लेकर आए हैं। हमारे अल्पसंख्यक भाइयों को इस बारे में सोचना चाहिए कि क्या किसी को कांग्रेस को वोट देना चाहिए।’ उन्होंने दावा किया कि तेलंगाना के मुसलमान ‘कार’ (BRS का चुनाव चिन्ह) और ‘सरकार’ के अलावा कुछ भी नहीं सोच रहे हैं। कविता ने कहा कि KCR शासन के तहत पिछले 10 सालों के दौरान राज्य में कोई सांप्रदायिक हिंसा नहीं हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।