हैदराबाद: साइबर जालसाजों ने तेलंगाना के नलगोंडा जिले से सत्तारूढ़ कांग्रेस विधायक वेमुला वीरेशम को वीडियो कॉल किया और पैसे की मांग की। पुलिस ने बुधवार को बताया कि विधायक को मंगलवार रात एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आया, जिसके दौरान स्क्रीन पर एक "नग्न महिला" दिखाई दी। इसके बाद साइबर ठगों ने विधायक से पैसों की मांग और रुपये नहीं देने पर बदनाम करने की धमकी थी।
साइबर जालसाजों ने मांगे रुपये
पुलिस ने बताया कि कॉल के दौरान जालसाजों ने स्क्रीनशॉट लिया और उनसे पैसे की मांग की, अगर उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो वे इसे उनके दोस्तों को भेज देंगे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विधायक ने तुरंत फोन काट दिया और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
विधायक की शिकायत पर केस दर्ज
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने कहा कि कॉल मध्य प्रदेश से आई थी। बुधवार को विधायक वीरेशम ने मीडियाकर्मियों को बताया कि उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और नागरिकों से इस तरह के कॉल पर ध्यान न देने का आग्रह किया है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे साइबर जालसाजों के झांसे में आने के बजाय अपने क्षेत्र की पुलिस को ऐसी घटनाओं की सूचना दें।
52 साइबर ठग किए गए थे गिरफ्तार
बता दें कि पिछले महीने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में हैदराबाद साइबर अपराध पुलिस ने 52 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें तीन मास्टरमाइंड शामिल थे। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति भारत भर में 576 साइबर अपराध मामलों में वांछित थे, जिनमें से 74 तेलंगाना में और 33 प्रमुख मामले साइबराबाद पुलिस स्टेशन द्वारा दर्ज किए गए थे। पुलिस ने 87.9 लाख रुपये की नकदी और कीमती सामान जब्त किया था। जब्त किए गए कीमती सामानों में 40 लाख रुपये की क्रिप्टो संपत्तियां शामिल थी।
इनपुट- पीटीआई