1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. तेलंगाना: रिश्तेदारों और दोस्तों के बच्चों के लिए किया SSC का पेपर लीक, 5 लोग पकड़े गए

तेलंगाना: रिश्तेदारों और दोस्तों के बच्चों के लिए किया SSC का पेपर लीक, 5 लोग पकड़े गए

 Published : Mar 25, 2025 10:41 pm IST,  Updated : Mar 25, 2025 10:43 pm IST

21 मार्च को, एक नाबालिग लड़का परीक्षा केंद्र की दीवार पर चढ़ गया और उसने एक छात्रा की मदद लेकर अपने मोबाइल फोन से प्रश्नपत्र की तस्वीर खींच ली। जब लड़की ने उसे प्रश्नपत्र दिखाया तो उसने खिड़की के पास खड़े होकर तस्वीर खींची, जिसके इसके बाद छात्रा को परीक्षा से प्रतिबंधित कर दिया गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : INDIA TV

हैदराबाद: तेलंगाना के नलगोंडा जिले में पुलिस ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के तेलुगु प्रश्नपत्र को कथित तरीके से लीक किए जाने के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और एक किशोर आरोपी को पकड़ा है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नलगोंडा के डीएसपी के. शिवराम रेड्डी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में निजी स्कूल का एक शिक्षक और एक ‘फोटोकॉपी’ केंद्र का मालिक शामिल है।

ऐसे लीक हुआ पेपर

पुलिस के अनुसार, 21 मार्च को, एक नाबालिग लड़का नलगोंडा जिले के नकरेकल कस्बे में राजकीय बालिका आवासीय विद्यालय (परीक्षा केंद्र) की दीवार पर चढ़ गया और उसने एक छात्रा की मदद लेकर अपने मोबाइल फोन से प्रश्नपत्र की तस्वीर खींच ली। पुलिस ने बताया कि जब लड़की ने उसे प्रश्नपत्र दिखाया तो उसने खिड़की के पास खड़े होकर तस्वीर खींची, जिसके इसके बाद छात्रा को परीक्षा से प्रतिबंधित कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद प्रश्नपत्र को सोशल मीडिया मंच के माध्यम से अन्य आरोपियों के बीच प्रसारित किया गया और निजी शिक्षक ने कुछ प्रश्नों के उत्तर लिखकर अन्य आरोपियों को वापस भेज दिए। उन्होंने फोटोकॉपी केंद्र से उत्तरों के ‘प्रिंटआउट’ लिये। इसके बाद आरोपी उत्तर पर्चियां लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचे और कुछ छात्रों को सौंप दिया, लेकिन पुलिस को देखकर वे फरार हो गए।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के बच्चों को अवैध तरीकों से अच्छे अंक दिलाने के इरादे से प्रश्नपत्र हासिल करने की योजना बनाई थी और बाद में परीक्षा देने वालों को उत्तर पर्चियां सौंपना चाहते थे। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को 23 मार्च को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और मामले में आरोपी बनाए गए छह अन्य लोगों के खिलाफ जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और तेलंगाना राज्य सार्वजनिक परीक्षा (गलत आचरण और अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम-1997 के तहत मामला दर्ज किया गया है। राज्य भर में परीक्षाएं 21 मार्च से शुरू हुई थीं।

यह भी पढ़ें-

हैदराबाद: रेप से बचने के लिए चलती ट्रेन से कूदी युवती, लेडीज कोच में अकेली पाकर जबरदस्ती कर रहा था दरिंदा

'बिना योगदान के हैदराबाद एयरपोर्ट का नाम राजीव गांधी के नाम पर रखा गया'- शाहनवाज हुसैन

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।