1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. कैब ड्राइवर पर जर्मन महिला ने लगाया बलात्कार का आरोप, दोस्त से मिलने आई थी हैदराबाद

कैब ड्राइवर पर जर्मन महिला ने लगाया बलात्कार का आरोप, दोस्त से मिलने आई थी हैदराबाद

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Apr 01, 2025 06:06 pm IST,  Updated : Apr 01, 2025 06:06 pm IST

हैदराबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां एक 22 वर्षीय जर्मन महिला ने कैब ड्राइवर पर बलात्कार करने का आरोप लगाया है।

German woman accuses cab driver of rape she had come to Hyderabad to meet friend- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

तेलंगाना के हैदराबाद में 22 वर्षीय एक जर्मन महिला ने कार चालक पर आरोप लगाया है कि उसने कार में बैठाने के बाद उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि चालक ने सोमवार देर शाम कार की पिछली सीट पर उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शिकायत के आधार पर बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया गया है और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि कार चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई है। 

जर्मन महिला के साथ कार चालक ने किया बलात्कार

पुलिस के अनुसार, जर्मन महिला अपने एक अन्य साथी के साथ चार मार्च को एक दोस्त से मिलने हैदराबाद आई थी। सोमवार को वह और उसका जर्मन दोस्त शहर में घूम रहे थे, तभी एक कार चालक ने उन्हें अपनी कार में बैठने का प्रस्ताव दिया। वाहन में कुछ अन्य यात्री भी थे, जो बाद में नीचे उतर गए। शिकायत में कहा गया है कि शहर के बाहरी इलाके में मामीडीपल्ली पहुंचने से पहले उसका जर्मन दोस्त भी उतर गया। इसके बाद पीड़िता शाम करीब साढ़े सात बजे कुछ तस्वीरें लेने के लिए चालक के साथ कार में अकेले मामीडीपल्ली गई। बाद में उसने अपने जर्मन दोस्त को बताया कि कार चालक ने उससे बलात्कार किया। पहाड़ीशरीफ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

झारखंड में दिखा ऐसा मामला

बता दें कि इसी तरह का एक मामला पिछले साल देखने को मिला था, जब स्पेन की दंपत्ति बाइक राईड के जरिए भारत होते हुए नेपाल जा रहे थे। इस दौरान झारखंड में महिला के साथ कुछ लोगों ने बलात्कार किया। इसके बाद महिला ने वीडियो जारी कर अपनी आपबीती बताई और पुलिस से इसकी शिकायत की। इस शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद स्पैनिश दंपत्ति भारत के रास्ते नेपाल होते हुए रवाना हो गए। 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।