1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. हैदराबाद में शख्स की हत्या के बाद हमलावरों ने मनाया जश्न, सोशल मीडिया पर लिखा- बदला पूरा, अब...

हैदराबाद में शख्स की हत्या के बाद हमलावरों ने मनाया जश्न, सोशल मीडिया पर लिखा- बदला पूरा, अब...

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 09, 2024 09:18 am IST,  Updated : Apr 09, 2024 10:29 am IST

हैदराबाद के बाचुपल्ली इलाके में हमलावरों के एक ग्रुप ने एक युवक की हत्या करने के बाद सोशल मीडिया पर 'बदले के जश्न' का एक वीडियो शेयर किया। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, तरुण का बदला हो गया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के बाचुपल्ली इलाके में एक भयावह कृत्य में हमलावरों के एक ग्रुप ने एक युवक की हत्या करने के बाद सोशल मीडिया पर 'बदले के जश्न' का एक वीडियो पोस्ट किया। आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर अपने जश्न के डांस का एक वीडियो पोस्ट कर यह घोषणा की कि उन्होंने अपने दोस्त की हत्या का बदला ले लिया है। यह चौंकाने वाली घटना सोमवार तड़के साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय की सीमा के तहत बाचुपल्ली में हुई।

पुरानी दुश्मनी का संदेह

पुलिस के मुताबिक, प्रगति नगर तालाब के पास अज्ञात व्यक्तियों ने 26 वर्षीय तेजा का पीछा किया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस को हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी का संदेह है। तेजा उर्फ सिद्धू हैदराबाद के एसआर नगर थाना अंतर्गत हुई एक हत्या के आरोपियों में से एक था। तरुण रॉय नामक व्यक्ति की 24 अक्टूबर 2023 को हुई हत्या में उसे तीसरे नंबर के आरोपी के रूप में नामित किया गया था।

"तरुण का बदला हो गया"

शरीफ और उसके साथियों के हमले में तरुण की मौत हो गई थी। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "तरुण का बदला हो गया।" उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अब शरीफ की बारी है। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के. श्रीनिवास राव ने कहा कि तेजा को दो महीने पहले जमानत पर रिहा किया गया था। वह अपनी मां के साथ प्रगति नगर में किराए के मकान में रहता था। तेजा की मां रविवार को गांव गई थी और वह अकेला था। उसके साथ तीन दोस्त भी आ गए। उन्होंने देर रात तक शराब पी।

धारदार हथियारों से हमला

बाद में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे पीड़ित बथुकम्मा घाट के पास अकेला खड़ा था, तभी दोपहिया वाहनों पर लगभग 20 लोग वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। उन्होंने उसका पीछा किया और चाकुओं व अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन संदिग्धों को पकड़ा है। एसीपी ने कहा कि सभी आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए प्रयास जारी हैं। (इनपुट- IANS)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।