1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. बीयर की कीमतों में बढ़ोतरी पर इस राज्य में मचा बवाल, विपक्ष ने कहा- 'सस्ता करो'

बीयर की कीमतों में बढ़ोतरी पर इस राज्य में मचा बवाल, विपक्ष ने कहा- 'सस्ता करो'

 Published : Feb 13, 2025 07:30 pm IST,  Updated : Feb 13, 2025 07:39 pm IST

बीयर की कीमतों में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी पर BRS ने तेलंगाना सरकार पर हमला किया। BRS प्रवक्ता श्रवण दासोजू ने इसे उपभोक्ताओं पर 'आर्थिक बोझ' और सरकार की 'पूंजीपतियों के साथ सांठगांठ' बताया।

Telangana, beer price hike, 15 percent increase, BRS, state government- India TV Hindi
राज्य में बीयर की कीमतों में 15 फीसदी तक की वृद्धि हुई है। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

हैदराबाद: तेलंगाना में बीयर की कीमतों में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी को लेकर बवाल मच गया है। इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारतीय राष्ट्र समिति यानी कि BRS ने राज्य सरकार पर तीखा हमला किया है। BRS प्रवक्ता श्रवण दासोजू ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार के इस फैसले से तेलंगाना के लोग ‘बुरी तरह निराश’ हैं, क्योंकि इससे उपभोक्ताओं पर ‘आर्थिक बोझ’ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम ‘पूंजीपतियों’ के साथ उनकी सांठगांठ की पोल खोलता है।

‘कीमतों में बढ़ोतरी कांग्रेस के वोटरों से विश्वासघात’

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को लिखे पत्र में श्रवण ने यह भी कहा कि बीयर की कीमतों में बढ़ोतरी उन लोगों के साथ 'सरासर विश्वासघात' है, जिन्होंने चुनाव से पहले तथाकथित सिद्धांतों की बयानबाजी पर भरोसा किया और कांग्रेस को वोट दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की कार्रवाई उसके पाखंड, राजनीतिक अवसरवाद और पूंजीपतियों के साथ लेन-देन की पोल खोलती है। BRS नेता ने पत्र में लिखा, ‘तेलंगाना के लोग आपकी सरकार द्वारा बीयर की कीमतों में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी से बुरी तरह निराश हैं। यह केवल उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ नहीं है, बल्कि उन लोगों के लिए विश्वासघात भी है, जिन्होंने चुनाव से पहले आपके तथाकथित सिद्धांतों पर विश्वास किया और आपको वोट दिया।’

कीमतों में 15 फीसदी बढ़ोतरी की दी गई इजाजत

बता दें कि तेलंगाना सरकार ने 11 फरवरी को तेलंगाना बेवरेजेस कॉरपोरेशन लिमिटेड (TGBCL) को बीयर की कीमतों में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की इजाजत दी थी। यह फैसला ब्रुअर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) के एक अनुरोध के बाद लिया गया था और यह सब कुछ यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड (UBL) द्वारा सप्लाई रोकने के बाद हुआ। श्रवण ने आरोप लगाया कि कुछ हफ्ते पहले राज्य सरकार ने यह वादा किया था कि वह शराब कंपनियों के दबाव में आकर कीमतों में वृद्धि नहीं करेगी और शराब लॉबी राज्य की नीतियों पर प्रभाव नहीं डालेगी, लेकिन अब लग रहा है कि शराब लॉबी ने सरकार को अपनी शर्तों पर झुका लिया है।

‘क्या सरकार ने बीयर निर्माताओं के साथ सांठगांठ की?’

श्रवण दासजू ने आगे कहा कि यह कीमत वृद्धि ‘रेवंत रेड्डी टैक्स (RR Tax)’ के रूप में एक साजिश लगती है, जिसे सामान्य आदमी पर थोपकर निजी बीयर उत्पादकों और पूंजीपतियों के फायदे के लिए लागू किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड द्वारा TGBCL को बीयर की सप्लाई बंद करने के तुरंत बाद कीमतों में वृद्धि ने इस बात को संदेहास्पद बना दिया है कि क्या सरकार ने बीयर निर्माताओं के साथ सांठगांठ की है। श्रवण ने सरकार से इस वृद्धि को तुरंत वापस लेने की मांग की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।