1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. कार में बंद हो जाने से 2 बच्चियों की मौत, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां?

कार में बंद हो जाने से 2 बच्चियों की मौत, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां?

 Published : Apr 14, 2025 08:27 pm IST,  Updated : Apr 14, 2025 08:52 pm IST

तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में 2 बच्चियों की कार के अंदर बंद होने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसर गया।

Hyderabad- India TV Hindi
2 बच्चियों की कार के अंदर बंद होने से मौत Image Source : PTI/REPRESENTATIVE PIC

हैदराबाद: तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कार में बंद होने की वजह से 2 बच्चियों की मौत हो गई है। मौत की वजह दम घुटना बताया जा रहा है। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। पुलिस की तरफ से ये जानकारी सामने आई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस का कहना है कि दोपहर के वक्त खेलते समय रिश्ते की 2 बहनें कार में बैठ गईं और किसी को इस बात की भनक नहीं लग पाई। जब काफी देर तक बच्चियां दिखाई नहीं दीं तो घरवालों ने उन्हें खोजना शुरू किया। खोजने पर दोनों बच्चियां कार के अंदर बेहोश पाई गई। उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस का कहना है कि बच्चियां करीब 40 मिनट तक कार के अंदर बंद रहीं। वहीं लोगों का कहना है कि अगर समय रहते बच्चियों को कार के अंदर से निकाला जा सकता तो उनकी जान बच सकती थी। 

बता दें कि दमरगिड्डा में बच्चियां अपने रिश्तेदार के यहां एक शादी में आई थीं। इन बच्चियों के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों के शवों को लेकर उनके परिजन अपने गांव गए हैं और पुलिस में शिकायत नहीं की गई है। 

इस घटना के सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि छोटे बच्चों को अकेले नहीं छोड़ें। नहीं तो इस तरह की घटना घट सकती है। खासतौर पर बच्चों को कार के अंदर अकेला ना छोड़ें। जरा सी लापरवाही से उनकी जान पर खतरा आ सकता है।

कार में दम घुटने से खुद को कैसे बचाएं? 

कार में दम घुटने से खुद को बचाने के लिए सबसे पहले कोशिश करें कि खिड़कियां खोलें, जिससे बाहर की ताजा हवा अंदर आ सके। इंजन अगर चालू है तो उसे फौरन बंद करें, नहीं तो कार्बन मोनोऑक्साइड जमा हो सकती है। 

अगर खिड़कियां चालू नहीं हो रही हैं तो कार का वेंटिलेशन सिस्टम चालू करें और इसे ताजी हवा के मोड पर सेट करें। इससे भी दम घुटने से बचा जा सकता है। कार से बाहर निकलने की पूरी कोशिश करें, भले ही कार का शीशा ही क्यों ना तोड़ना पड़े।

बच्चों और पालतू जानवरों को कार में कभी अकेला नहीं छोड़ें। अगर कार से धुआं निकल रहा है या गैस निकल रही है तो फौरन उससे बाहर निकल जाएं। (इनपुट: भाषा) 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।