1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. तेलंगाना: पूजा स्थल के पास सड़क चौड़ी करने को लेकर दो समूहों के बीच झड़प, 16 लोग घायल

तेलंगाना: पूजा स्थल के पास सड़क चौड़ी करने को लेकर दो समूहों के बीच झड़प, 16 लोग घायल

 Published : Feb 14, 2024 11:25 pm IST,  Updated : Feb 14, 2024 11:25 pm IST

पुलिस ने कहा कि समुदाय के सदस्यों ने तर्क दिया कि सड़क का विस्तार उनके पूजा स्थल की दीवार तक किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हुई और बाद में दोनों समुदायों ने मंगलवार रात को एक-दूसरे पर पथराव किया और आपस में भिड़ गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के बाहरी इलाके में एक गांव में पूजा स्थल के पास सड़क चौड़ीकरण को लेकर हुए विवाद के बाद दो अलग-अलग समुदायों के सदस्यों के बीच झड़प में 16 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि एक समुदाय के सदस्यों ने जनवाड़ा गांव में उनके पूजा स्थल के पास सरकारी अधिकारियों द्वारा सड़क को चौड़ा करने पर आपत्ति जताई, जबकि ग्रामीणों का एक समूह इसके पक्ष में था।

झड़प के दौरान पूजा स्थल के दरवाजे भी क्षतिग्रस्त

पुलिस ने कहा कि समुदाय के सदस्यों ने तर्क दिया कि सड़क का विस्तार उनके पूजा स्थल की दीवार तक किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हुई और बाद में दोनों समुदायों ने मंगलवार रात को एक-दूसरे पर पथराव किया और आपस में भिड़ गए। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि झड़प के दौरान पूजा स्थल के दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो गए, इसमें दोनों पक्षों के 16 लोग घायल हो गए। पुलिस ने हस्तक्षेप किया और उन्हें तितर-बितर किया।

पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया और बाद में छुट्टी दे दी गई। उन्होंने कहा कि स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और जांच की जा रही है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।