1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में 1.38 करोड़ की लूट का खुलासा, 2 हजार CCTV खंगालकर 5 लुटेरे गिरफ्तार; शत-प्रतिशत माल बरामद

ग्रेटर नोएडा में 1.38 करोड़ की लूट का खुलासा, 2 हजार CCTV खंगालकर 5 लुटेरे गिरफ्तार; शत-प्रतिशत माल बरामद

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 05, 2026 05:47 pm IST,  Updated : Aug 05, 2026 05:47 pm IST

ग्रेटर नोएडा पुलिस की संयुक्त टीम ने दिल्ली के एक ज्वेलर के मुनीम और कर्मचारी से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटने वाले पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चांदी, सोने के आभूषण को बरामद कर लिया है।

Greater Noida- India TV Hindi
ग्रेटर नोएडा लूट का खुलासा Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा-2 पुलिस, एसओजी (SOG) ग्रेटर नोएडा और थाना ईकोटेक-1 की संयुक्त टीम ने चांदी व्यापारी से हुई करोड़ों की लूट का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है, जिसमें भारी मात्रा में सोने व चांदी के आभूषण और कीमती धातु शामिल हैं।

2 हजार सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से खुला राज

ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि 4,5 अगस्त 2026 की रात थाना बीटा-2 क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चांदी व्यापारी के साथ लूट की यह सनसनीखेज वारदात हुई थी। कार सवार बदमाश व्यापारी और उनके साथी से सोने की अंगूठियां, चांदी के बिस्किट तथा अन्य कीमती सामान लूटकर पीड़ितों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले के त्वरित खुलासे के लिए तुरंत 5 स्पेशल टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने करीब 2 हजार सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स और सर्विलांस की मदद से पुलिस की संयुक्त टीम अंततः आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।

1.38 करोड़ का माल बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अंकुर, अमित, सोहित/बसंत, हिमांशु और कमलकांत को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लगभग 12.138 किलोग्राम चांदी, 5 सोने के हार, 2 मंगलसूत्र, 29 पेंडेंट, 56 वुमेंस रिंग, 34 मेंस रिंग, 18 लॉकेट, 42 जोड़ी झुमकी तथा घटना में उपयोग किए गए बिना नंबर प्लेट की कार बरामद की गई है। बरामद किए गए इस पूरे माल की बाजार में कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 38 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मुख्य मकसद व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखकर वारदात को अंजाम देना था। आरोपियों में से चार लोग फाइनेंस का काम करते थे और उन पर जानकारों का करोड़ों रुपये का कर्जा था। इस कर्जे को चुकाने के लिए उन्होंने दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चांदी की दुकानों के आसपास कई हफ्तों तक रेकी की और पाया कि आगरा का व्यापारी नियमित रूप से भारी मात्रा में सोना-चांदी लेकर इसी रास्ते से आता-जाता है।

1 आरोपी अभी भी फरार

व्यापारी जब चांदनी चौक से सामान लेकर आगरा जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही व्यापारी की गाड़ी यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर रुकी, आरोपियों ने उन्हें ओवरपावर किया और लूटपाट कर चंपत हो गए। पुलिस ने मामले में 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

ग्रेटर नोएडा से राहुल ठाकुर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा कर पाएंगी तमन्ना मलिक? संभल प्रशासन सख्त, जारी किया नोटिस

मेरठ में कांवड़ियों के दो गुट आपस में भिड़े, पुलिस के सामने जिप्सी से निकालकर लाठी-डंडों से पीटा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।