लखनऊ: अल्ट्राटेक यशस्वी प्रधान स्पर्धा के तहत उत्तर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ 20 ग्राम प्रधानों का चयन किया गया था जिन्हें 13 जुलाई को सुबह 10:30 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मरकरी प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और पंचायती राज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने यशस्वी प्रधानों को सम्मान चिह्न भेंट किया।
50 हजार प्रधानों को उत्कृष्ट कार्य दिखाने का मिला अवसर
बता दें कि बीते वर्ष 24 सितंबर से शुरू इस स्पर्धा में प्रतिभाग करने के लिए प्रदेश के 60 हजार प्रधानों से संपर्क किया गया था। इनमें से 50 हजार प्रधानों को अल्ट्राटेक यशस्वी प्रधान प्रतियोगिता के माध्यम से अपने उत्कृष्ट कार्य दिखाने का अवसर मिला। प्रदेश के 13 नोडल सेंटर से चयनित 260 प्रधानों में से राज्य स्तर पर स्वतंत्र जूरी ने 20 यशस्वी प्रधान चुने।
विकास कार्यों के लिए किया मोटिवेट
इस स्पर्धा में सभी ग्राम प्रधानों के आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए थे। सैकड़ों प्रधानों ने कई विकास कार्यों को दिखाने के लिए अनेक आवेदन किए थे। प्रधानों ने पंचायत स्तर पर 70 हजार से अधिक निर्माण कार्यों को प्रतियोगिता के लिए प्रस्तुत किया था। ग्राम पंचायत में स्कूल, सड़क, जलाशय, पंचायत भवन, सार्वजनिक शौचालय, पार्क के अलावा रोजगार सृजन, लाइब्रेरी, कूड़ा निस्तारण जैसे कार्यों को दर्शाने के लिए भी आवेदन किए गए थे।
देखें वीडियो-
महिला और युवा प्रधानों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
अल्ट्राटेक यशस्वी प्रधान प्रतियोगिता में विशेष बात यह रही कि महिला और युवा प्रधान बढ़-चढ़कर शामिल हुए। पहली बार प्रधान बनकर पंचायत की कमान संभालने वाले युवाओं के लिए यह प्रतियोगिता उत्साहजनक थी। इसे लेकर सभी में जोश दिखा।