1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 30 साल के सिपाही को आया हार्ट अटैक, खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा, 10 मिनट में टूटी सांसें

30 साल के सिपाही को आया हार्ट अटैक, खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा, 10 मिनट में टूटी सांसें

 Published : Aug 13, 2025 07:33 am IST,  Updated : Aug 13, 2025 07:33 am IST

लखनऊ के माल-रहीमाबाद थाने में तैनात दीपक कुमार बिलकुल तंदुरुस्त दिखते थे लेकिन अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। उन्हें लगा कि गैस की समस्या है, इसलिए वे खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचे थे।

heart attack- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FREEPIK

आज कल हार्ट अटैक के मामले काफी बढ़ गए हैं।अच्छा-भला दिख रहा इंसान एक झटके में मौत के मुंह में चला जाता है। हाल में ही ऐसा ही एक मामला लखनऊ में देखने को मिला जहां ड्यूटी पर तैनात एक युवा सिपाही के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। वह बाइक चलाकर तेजी से अस्पताल पहुंचा लेकिन 10 मिनट के अंदर की उसकी जान चली गई।

डायल-112 पर तैनात था सिपाही

मामला लखनऊ के माल-रहीमाबाद थाने का बताया जा रहा है। घटना मंगलवार सुबह 6 से 7 बजे के बीच की है जब डायल-112 पर तैनात 30 वर्षीय सिपाही दीपक कुमार को अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। उन्हें लगा कि गैस की समस्या है, इसलिए वे खुद बाइक चलाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे। डॉक्टर ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया लेकिन फिर भी 10 मिनट के अंदर उनकी सांसे टूट गईं। 

साथी पुलिसकर्मियों ने क्या बताया?

साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार, दीपक को पहले कभी कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। दीपक 2019 बैच के सिपाही थे और माल क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। उनका पैतृक घर आगरा जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र स्थित पीएनटी कॉलोनी में है। 

डॉक्टर ने पूछा- अकेले क्यों आए?

उन्होंने बताया कि दीपक बिलकुल तंदुरुस्त दिखते थे लेकिन मंगलवार सुबह अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ जिसके बाद दीपक तुरंत बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने भी दीपक की हालत देखकर पूछा अकेले क्यों आए हो किसी को साथ लेकर आते। इस पर दीपक ने जवाब दिया कि सुबह-सुबह कौन साथ आता, आप बस जल्दी से दवाई दे दो। डॉक्टर ने दीपक को दवाई दी और अगले 10 मिनट में ही उनकी मौत हो गई।

पिता की पहले ही हो चुकी है मौत

पोस्टमार्टम के बाद शव परिवारवालों को सुपुर्द कर दिया गया है। दीपक कुमार के परिवार में मां सावित्री, भाई राहुल और मां पूनम हैं। पिता चंद्र प्रकाश की पहले ही मौत हो चुकी है।

यह भी पढ़ें-

शादी से कुछ घंटे पहले दुल्हन को आया हार्ट अटैक, डांस करते-करते बिगड़ी तबीयत, बाथरूम में मिली लाश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।