1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में पुलिस पर फायरिंग करने वाले पर एक्शन, 2 किलोमीटर पैदल मार्च निकलवाया

कानपुर में पुलिस पर फायरिंग करने वाले पर एक्शन, 2 किलोमीटर पैदल मार्च निकलवाया

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 15, 2026 05:13 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 05:13 pm IST

कानपुर पुलिस एक अनोखा काम किया है। पुलिस पर फायरिंग करने के आरोपी को पकड़कर करीब दो किलोमीटर पैदल चलाया और उसने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।

Kanpur police arrested the accused and made him walk for about two kilometers.- India TV Hindi
कानपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर करीब दो किलोमीटर पैदल चलाया Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर फायरिंग करने के आरोपी के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे लगभग दो किलोमीटर तक पैदल लेकर गई। इसके बाद आरोपी को उसके मोहल्ले में ले जाकर स्थानीय लोगों के सामने पेश किया गया, जहां उसने अपने किए पर पछतावा जताते हुए भविष्य में अपराध न करने की बात कही। 

चकेरी पुलिस आरोपी को पकड़ने गई तो कर दी फायरिंग

जानकारी के अनुसार मामले में पुलिस की ओर से आरोपी यश राजपूत की तलाश पहले से की जा रही थी। मंगलवार रात उसकी लोकेशन मिलने पर चकेरी पुलिस उसे पकड़ने पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी मौके से भागने लगा। जब उसे लगा कि चारों तरफ से पुलिस ने घेर लिया है तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी पर पहले ही से दर्ज हैं कई मुकदमे

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध हथियार भी बरामद किया। इसके बाद उसे थाने लाकर पूछताछ की गई और फिर बुधवार को सुरक्षा के बीच उसके क्षेत्र में पैदल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना था। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पर फायरिंग की ताजा घटना के बाद उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला तथा अन्य संबंधित धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

सार्वजनिक रूप से मांगी माफी, अपनी गलती की स्वीकार

पुलिस आरोपी को लालबंगला स्थित काजीखेड़ा इलाके में भी लेकर पहुंची। वहां स्थानीय लोगों की मौजूदगी में आरोपी ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार की। उसने कहा कि उससे बड़ी भूल हुई है और वह भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध में शामिल नहीं होगा। इस दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूरे मामले में पुलिस ने साक्ष्य जुटाने और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी तेज कर दी हैं।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

कानपुर में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने खुद को गोली से उड़ाया, पत्नी-बेटियों के अलगाव से परेशान थे; मर्चेंट नेवी में है बड़ी बेटी

महोबा में खौफनाक खूनी हमला, पेट्रोल पंप के सामने युवक के दोनों हाथ कुल्हाड़ी से काटे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।