1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आगरा कैंट स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, RPF ने डिप्टी स्टेशन मास्टर को प्लेटफॉर्म पर घसीटा, वीडियो वायरल

आगरा कैंट स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, RPF ने डिप्टी स्टेशन मास्टर को प्लेटफॉर्म पर घसीटा, वीडियो वायरल

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 12, 2026 07:35 pm IST,  Updated : Jul 12, 2026 09:51 pm IST

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हीराकुंड एक्सप्रेस के ठहराव के दौरान RPF और डिप्टी स्टेशन मास्टर के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि RPF जवानों ने डीएसएम के साथ मारपीट की और उन्हें प्लेटफॉर्म पर घसीटते हुए ले गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

Agra- India TV Hindi
आगरा कैंट स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा Image Source : REPORTER INPUT

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हीराकुंड एक्सप्रेस के ठहराव के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और डिप्टी स्टेशन मास्टर (DSM) के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान डीएसएम को प्लेटफॉर्म पर घसीटते हुए ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए 2 RPF इंस्पेक्टर समेत 4 कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।

हीराकुंड एक्सप्रेस के रवाना होने के दौरान हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, हीराकुंड एक्सप्रेस के रवाना होते समय एक महिला यात्री ट्रेन से उतरकर सामान लेने गई थी। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और महिला ने दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिप्टी स्टेशन मास्टर ने वॉकी-टॉकी के जरिए गार्ड से संपर्क कर ट्रेन रुकवाई। इसी बीच RPF और डिप्टी स्टेशन मास्टर के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बहस देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। आरोप है कि RPF कर्मियों ने डिप्टी स्टेशन मास्टर का कॉलर पकड़ लिया और उन्हें जबरन अपने साथ ले जाने लगे। विरोध करने पर उन्हें प्लेटफॉर्म पर घसीटते हुए ले जाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, हीराकुंड एक्सप्रेस लगभग 11 बजे कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी और वहां से रवाना होने के बाद थोड़ी दूर जाकर रुक गई, तभी आरपीएफ जवानों ने चेन पुलिंग के आरोप में एक महिला को पकड़ लिया। इसके बाद स्टेशन पर मौजूद स्टेशन मास्टर नरेंद्र चाहर ने RPF जवानों से कहा कि महिला ने चेन पुलिंग नहीं की है, लिहाजा उसे छोड़ दिया जाए और इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद RPF जवानों ने स्टेशन मास्टर की कथित तौर पर पिटाई कर दी।

RPF इंस्पेक्टर सहित पांच कर्मी निलंबित

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अन्य कर्मचारी भी स्टेशन पर पहुंच गए। करीब आधे घंटे तक प्लेटफॉर्म पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 2 RPF इंस्पेक्टर सहित 4 कर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही, सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC), स्टेशन डायरेक्टर और एरिया ऑपरेटिंग मैनेजर (AOM) की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। रेलवे का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: अंकुर कुमार)

यह भी पढ़ें:

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर लिफ्ट में फंसे 18 यात्री, मचा हड़कंप, आरपीएफ और यात्रियों ने मिलकर तोड़ा दरवाजा

बनारस रेलवे स्टेशन पर सीलिंग फैन से टपकने लगा पानी, पहली बारिश में खुली पोल; VIDEO आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।