Monday, March 16, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. स्वच्छता अभियान के तहत आगरा में सफाई, कूड़ा उठाकर ले जाते दिखे पुलिस कमिश्नर; देखें VIDEO

स्वच्छता अभियान के तहत आगरा में सफाई, कूड़ा उठाकर ले जाते दिखे पुलिस कमिश्नर; देखें VIDEO

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Oct 01, 2023 03:10 pm IST, Updated : Oct 01, 2023 03:15 pm IST

उत्तर प्रदेश के आगरा के हाथी घाट यमुना किनारे पर नगर आयुक्त और कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने भी सफाई अभियान में हाथ बटाया। कमिश्नर प्रीतिंदर सिंह भी कूड़ा इकट्ठा करते नजर आए।

 कूड़ा उठाकर ले जाते आगरा के पुलिस कमिश्नर- India TV Hindi
कूड़ा उठाकर ले जाते आगरा के पुलिस कमिश्नर

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके मद्देनजर उत्तर प्रदेश के आगरा के हाथी घाट यमुना किनारे पर कैबिनेट मंत्री एके शर्मा के नेतृत्व में एक घंटे श्रमदान किया गया। इस मौके पर नगर आयुक्त और कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने भी सफाई अभियान में हाथ बटाया। कमिश्नर प्रीतिंदर सिंह भी कूड़ा इकट्ठा करते नजर आए। यमुना किनारे सफाई अभियान के दौरान अधिकारी के साथ मेयर और बीजेपी नेता भी मौजूद रहें। सभी ने जमकर सफाई की। 

कूड़ा उठाते नजर आए पुलिस कमिश्नर 

सभी ने अलग-अलग ग्रुपों में सफाई अभियान शुरू किया। बड़ी संख्या में नगर निगम के कर्मचारी और एनसीसी के कैडेट भी सहयोग कर रहे थे। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और पुलिस कमिश्नर ने हाथों से कूड़ा उठाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस कमिश्नर कूड़ा-कचरा उठा-उठाकर ले जाते दिख रहे हैं। पुलिस कमिश्नर लाल टी-शर्ट पहने हुए हैं और कूड़ा एकत्रित कर तसले से कूड़े को दूसरी जगह इकट्ठा कर रहे हैं।

 "हाथी घाट पार्क की तरह विकसित होगा"

सफाई के बाद कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने कहा कि आज की हुई सफाई को आगे भी जारी रखने के लिए 3 करोड़ की लागत से हाथी घाट को पार्क की तरह विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घाट के रास्ते और मंदिर के पास सौंदर्यीकरण के साथ यमुना की तलहटी को भी संवारा जाएगा। इस दौरान उन्होंने यमुना की सफाई के लिए लगातार प्रयास होने की बात कही। उन्होंने कहा कि हाई फ्लड लेवल को पहले संवारा जाएगा। यमुना की दुर्दशा पर उन्होंने कहा कि यमुना की स्थिति सुधारने के लिए ही हमने यहां पर एक प्रयास किया है। प्रधानमंत्री के प्रयास से यमुना को भी स्वच्छ और निर्मल बनाया जाएगा। आगरा को भी कूड़ा मुक्त करेंगे। आज महासफाई अभियान भी चलाया गया है।

गांधी जयंती के मौके पर सफाई अभियान

गौरतलब है कि गांधी जयंती से पहले आज देश भर में हजारों लोगों ने एक तारीख, एक घंटा-एक साथ के स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे बढ़कर इस अभियान का नेतृत्व किया। जब पीएम मोदी 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, तो उन्होंने उस साल 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत लोगों से अपने आस-पास की जगहों की साफ रखने को कहा जाता है। लोगों से अपील की जाती है कि वे न सिर्फ अपने आस-पास की जगह को साफ रखें, बल्कि पर्यावरण की सुरक्षा भी करें। हर साल गांधी जयंती के मौके पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत कई कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement