Thursday, February 12, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. AIMIM के यूपी चीफ शौकत अली का विवादास्पद बयान, बोले- BJP की 'B' टीम कहा तो कार्यकर्ता जूते से मारेंगे

AIMIM के यूपी चीफ शौकत अली का विवादास्पद बयान, बोले- BJP की 'B' टीम कहा तो कार्यकर्ता जूते से मारेंगे

Edited By: Vinay Trivedi
Published : Feb 12, 2026 11:02 am IST, Updated : Feb 12, 2026 11:02 am IST

AIMIM के यूपी अध्यक्ष शौकत अली के नारे 'हम दो हमारे दो दर्जन' के बाद उनका नया बयान चर्चा में है। उन्होंने AIMIM को बीजेपी की B टीम कहने वालों पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे लोगों को AIMIM के कार्यकर्ता जूते से मारेंगे।

Shaukat Ali AIMIM statement- India TV Hindi
Image Source : SHAUKAT ALI/FACEBOOK AIMIM के यूपी चीफ शौकत अली ने AIMIM को BJP की B टीम कहे जाने वालों को धमकाया है।

AIMIM UP Chief Statement: उत्तर प्रदेश के अमरोहा के हसनपुर में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली का बयान सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया। अमरोहा की हसनपुर तहसील पहुंचे शौकत अली ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी पार्टी को बीजेपी की ‘B' टीम बताए जाने पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने ऐसे लोगों को कार्यकर्ताओं की तरफ से जूते से मारने की धमकी दे डाली। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

शौकत अली ने जूते से मारने की दी धमकी

AIMIM को BJP की बी टीम कहे जाने वाले सवाल पर शौकत अली ने कहा, 'ये इल्जाम कांशीराम पर भी लगाया गया था। बी टीम कोई साबित कर देगा, तो हमारे कार्यकर्ता जूता लेकर तैयार हैं। जो ये बात बोलेगा हमारे कार्यकर्ता उसे जूता निकलकर मारेंगे। जिस तरह से बिहार में जूता मारा गया, उसी तरह से महाराष्ट्र में भी जूता मारा गया। वो ही जूता यहां भी मारा जाएगा 2027 में, जो हमें बी टीम कहेगा।'

शराब की दुकानें चलाने वालों पर साधा निशाना

'AIMIM के टिकट भाजपा फाइनल करती है' वाले सवाल के जबाव में शौकत अली ने कहा कि ये बात वो लोग करते हैं जो मुरादाबाद में शराब की दुकानें चलाते हैं। बार चलाते हैं। वही लोग और उनके कार्यकर्ता ही ये बात करते होंगे। 

शौकत अली दे चुके हैं 'हम दो हमारे दो दर्जन' वाला नारा

जान लें कि शौकत अली अपने विवादास्पद बयानों को लेकर चर्चा में बन रहते हैं। हाल ही में शौकत अली ने 'हम दो, हमारे दो दर्जन' का नारा दिया था। उन्होंने मुसलमानों से अधिक बच्चे पैदा करने की अपील भी की थी। शौकत अली बोले थे कि हम तो कहेंगे कि आप अधिक से अधिक बच्चे पैदा करें। अल्लाह दे रहे हैं तो लीजिए। जिन लोगों के बच्चे नहीं होते, उनसे कोई चौखट नहीं बचती, जहां वे अपना माथा नहीं टेकते। अल्लाह बच्चों को जब तक दे रहा है, तब तक उसे लेते रहिए।

देश की मजबूती को जनसंख्या से जोड़ा

उन्होंने आगे कहा कि लोग थोड़ा परेशान होते हैं कि हमारी जनसंख्या बढ़ रही है। जितनी जनसंख्या बढ़ेगी, देश उतना मजबूत होगा। चीन की जनसंख्या ज्यादा है तो वह मजबूत है। साथ ही उन्होंने गर्व के साथ बताया कि उनके खुद के 8 बच्चे हैं, जबकि उनके बड़े भाई जिनका निधन हो चुका है, उनके भी 16 बच्चे हैं। हमारी वालिदा की उम्र 97 साल है और उनके कम से कम 72 नाती और पोते हैं, वो भी 6-6 फिट के।

(इनपुट- राजीव शर्मा)

ये भी पढ़ें- यूपी: AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष बोले- "मेरे 8 और बड़े भाई के 16 बच्चे हैं, मुसलमान ज्यादा बच्चे पैदा करें, अल्लाह दे रहा तो लेते रहिए"

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement