1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. NSG हटाए जाने पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही बीजेपी

NSG हटाए जाने पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही बीजेपी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Feb 22, 2026 06:26 am IST,  Updated : Feb 22, 2026 06:34 am IST

अखिलेश यादव ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी की SPG सुरक्षा हटाई गई, उसी तरह मेरी NSG सुरक्षा भी छीन ली गई। सरकार को यह सार्वजनिक करना चाहिए कि आखिर यह सुरक्षा क्यों हटाई गई?

अखिलेश यादव- India TV Hindi
अखिलेश यादव Image Source : PTI

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी नीत सरकार पर हमला बोला है। झांसी के एक दिवसीय दौरे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी NSG सुरक्षा हटाए जाने को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।

अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "बीजेपी सरकार सुरक्षा प्रोटोकॉल के साथ खिलवाड़ करती है। जिस तरह राहुल गांधी की SPG (विशेष सुरक्षा दल) सुरक्षा हटाई गई, उसी तरह मेरी NSG सुरक्षा भी छीन ली गई। सरकार को यह सार्वजनिक करना चाहिए कि आखिर यह सुरक्षा क्यों हटाई गई?"

"राहुल गांधी की एसपीजी सुरक्षा हटा दी"

सपा मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार अखिलेश यादव ने कहा, "बीजेपी सरकार सुरक्षा से खिलवाड़ करती है। ये सुरक्षा से कितना खिलवाड़ करते हैं, इसकी कल्पना नहीं की जा सकती। मुझे एनएसजी सुरक्षा मिली थी, वैसे ही राहुल गांधी जी को एसपीजी (विशेष सुरक्षा दल) सुरक्षा मिली थी।" उन्होंने कहा, "बीजेपी सरकार ने उनकी (राहुल गांधी) एसपीजी सुरक्षा हटा दी, उनका घर खाली कराया। हमारे पास एनएसजी सुरक्षा थी, उसे हटा लिया गया। सरकार को यह बताना चाहिए था कि एनएसजी सुरक्षा क्यों हटाई गई।" 

उन्होंने जोर देकर कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री के लिए जो सुरक्षा प्रोटोकॉल निर्धारित है, वह मिलना ही चाहिए। सरकार हमारे चालक और गेट खोलने वालों की संख्या भी बता देती है कि इतनी सुरक्षा दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा का जो प्रोटोकॉल है, वह तो मिलना ही चाहिए।

"बीजेपी सरकार सबका अपमान करती है"

अखिलेश यादव ने कहा, "बीजेपी सरकार सबका अपमान करती है। शंकराचार्य जी का अपमान किया गया। हमारे बटुकों की शिखा खींची गई और उन्हें अपमानित किया गया।" उन्होंने एक उपमुख्यमंत्री को निशाना बनाते हुए पूछा, "जब बटुकों की शिखा खींचकर अपमान किया जा रहा था, तब उपमुख्यमंत्री कहां थे?" यादव ने कहा, "मुख्यमंत्री जी लगातार शंकराचार्य जी को अपमानित कर रहे हैं और उनसे प्रमाण पत्र मांग रहे हैं। अगर कभी कोई गलती हो जाए तो माफी मांग लेना चाहिए। माफी मांगना बड़ा साहस का काम है। प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य और बटुकों के अपमान के लिए मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए थी।" 

सपा प्रमुख ने कहा, "योगी वह होता है जो दूसरों के दुःख को अपना दुःख समझे, लेकिन ये दूसरों को दुःखी देखकर खुश होते हैं। जब बुलडोजर से किसी का घर गिरता है, तो मुख्यमंत्री आवास में बैठकर खुश होते हैं और कहते हैं, देखिए आज मैंने घर गिरवा दिया।"

ये भी पढ़ें-

अखिलेश यादव और मायावती ने भी कांग्रेस को लताड़ा, शर्टलेस प्रदर्शन पर जमकर सुनाई खरी-खोटी

VIDEO: यौन शोषण के आरोपों पर सामने आया अविमुक्तेश्वरानंद का बयान, बोले- "शिकायत करने वाला खुद हिस्ट्रीशीटर है"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।