Aligarh Violence Video: यूपी में अलीगढ़ के अकराबाद थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में गुरुवार को दो समुदायों के बीच अचानक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। वहीं, फायरिंग के भी आरोप सामने आए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। जानें ये पूरा मामला क्या है।
मामूली कहासुनी के बाद हुआ बवाल
बताया जा रहा है कि ईद से पहले बाजार में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बवाल में बदल गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और हालात को काबू में किया गया।
वीडियो में लाठी-डंडे मारते दिखे दंगाई
वीडियो में दिख रहा है कि लोग लाठी-डंडे लेकर हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच, एक कार रास्ते से गुजरती है तो दंगाई उसे रोकने की कोशिश करते हैं। हालांकि, कार ड्राइवर किसी तरह अपनी कार निकाल ले जाता है। इसके बाद लोग फिर से लाठी लेकर हमला करते दिखाई देते हैं।
पुलिस ने 31 के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए 31 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें आदिल, सोहेल, दानिश और फैजान समेत 11 नामजद आरोपी हैं, जबकि करीब 20 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
इलाके में पुलिस बल किया गया तैनात
फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने और शांति भंग करने की इजाजत किसी को भी नहीं है। हम आरोपियों की खोज कर रहे हैं। उन्हें पहचानने की कोशिश की जा रही है। बवाल करने वाले चाहे जो भी हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
(इनपुट- प्रदीप)
ये भी पढ़ें- VIDEO: नाबालिग के अपहरण की जांच में ली 7 हजार की घूस, कैमरे में कैद हुई रिश्वतखोर महिला SI की करतूत