1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपीः जिस सीट से सपा कभी नहीं हारी, वहां से कल चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे ओवैसी, 200 सीटों पर लड़ सकती है AIMIM

यूपीः जिस सीट से सपा कभी नहीं हारी, वहां से कल चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे ओवैसी, 200 सीटों पर लड़ सकती है AIMIM

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 13, 2026 01:44 pm IST,  Updated : Jun 13, 2026 02:50 pm IST

एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी 14 जून को यूपी आ रहे हैं। वह बहराइच के मटेरा इलाके में रैली को संबोधित करेंगे। यूपी में 2027 में विधान सभा चुनाव है और उनकी पार्टी यूपी में 200 विधान सभा सीट पर लड़ने की तैयारी में है।

एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी- India TV Hindi
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी। फाइल Image Source : PTI

लखनऊः उत्तर प्रदेश में अगले साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने तैयारी अभी से ही शुरू कर दी है। यूपी में ओवैसी की पार्टी 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्लान बना रही है। एआईएमआईएम चीफ़ असदुद्दीन ओवैसी रविवार यानी 14 जून को इसी सिलसिले में यूपी आ रहे हैं। माना जा रहा है कि रविवार से ओवैसी यूपी में अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे।

मटेरा में सपा कभी नहीं हारी

जानकारी के मुताबिक, बहराइच के मटेरा इलाके में असदुद्दीन ओवैसी रविवार को एक जनसभा करेंगे। जिस मटेरा में ओवैसी की रैली हो रही है, वहां से समाजवादी पार्टी की मारिया शाह विधायक हैं। ये सीट 2012 में बनी थी और तब से ही ये सीट समाजवादी पार्टी के पास है। यानी मटेरा विधानसभा सीट से सपा कभी चुनाव नहीं हारी है। 

मायावती की बसपा से गठबंधन करना चाहती है ओवैसी की पार्टी

इससे पहले ओवैसी की पार्टी ने अखिलेश यादव के गृह जनपद  इटावा में भी चुनाव प्रचार शुरू किया था। जहां "2027 में गेम बदल देंगे" वाले  बैनर पोस्टर लगाकर ई रिक्शा रैली निकाली गई थी। Aimim के यूपी के अध्यक्ष शौकत अली ने इंडिया टीवी से कहा कि उनकी पार्टी यूपी में मायावती के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती है क्योंकि यूपी में मुस्लिम और दलित वोट मिलकर कुल वोट शेयर का करीब 40 फीसदी है।

यूपी में ओवैसी की पार्टी का अब तक चुनावी इतिहास

दरअसल, बिहार विधान सभा और महाराष्ट्र के निकाय चुनाव में मिली कामयाबी के बाद ओवैसी यूपी में भी जोर शोर से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। हालांकि अभी तक यूपी में AIMIM का प्रदर्शन अच्छा नहीं रह। ओवैसी ने 2017 विधान सभा चुनाव में 38 सीट पर चुनाव लड़ा, जिसमें से 37 पर ज़मानत ज़ब्त हो गई। ओवैसी की पार्टी ने 2022 में 96 सीट पर चुनाव लड़ा था लेकिन 0.43 फीसदी वोट ही मिला था। यूपी में निकाय चुनावों में ओवैसी को ज़रूर कामयाबी मिली। 2017 के निकाय चुनावों में पार्टी ने 78 उम्मीदवार खड़े किए जिनमे 29 जीत गए। 2023 के निकाय  चुनावो में भी ओवैसी की पार्टी ने पांच नगर पालिका परिषद सीट जीती। साथ में 75 पार्षद भी बनाये। 

ओवैसी के दौरे पर यूपी की सियासत गर्म

माना जा रहा है कि ओवैसी बहराइच में सालार मसूद ग़ाज़ी की दरगाह भी जा सकते हैं। ओवैसी के दौरे को लेकर सियासत भी शुरू हो गई। योगी सरकार के मंत्री और सुहेलदेव  भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने शौकत अली के महाराजा सुहेलदेव पर दिए गए बयान पर नाराजगी जताई है।

एक्स हैंडल पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा, ''ओवैसी साहब, अब जब आप उत्तर प्रदेश आ ही रहे हैं तो अपनी हैदराबादी बैरिस्टरी का थोड़ा-बहुत ज्ञान अपने सिपहसालार को भी अवश्य दे दीजिएगा। बहराइच में सैयद सालार मसूद गाजी की मजार पर श्रद्धा व्यक्त करने से पहले उन्हें यह भी याद दिला दीजिएगा कि यही वह भूमि है जहां चक्रवर्ती  राजभर जी ने विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष कर भारत की अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा की थी। अपने सिपहसालार को समझा दीजिएगा कि वह अपनी हैसियत और व्यक्तित्व के अनुरूप भाषा का प्रयोग करें। अनावश्यक उग्रता और अहंकार का प्रदर्शन इतिहास के पन्नों में कभी सम्मान नहीं दिलाता''।

बता दें कि यूपी में 2027 में फरवरी-मार्च के दौरान विधानसभा चुनाव कराए जा सकते हैं। चुनाव में एक साल से भी कम समय बचा है। ऐसे में सभी पार्टियां चुनावी मोड में आ गई हैं। 

ये भी पढ़ेंः हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी का आरोप, 'सच्चाई सामने आने से रोक रही पुलिस, सीएम योगी तक जाना पड़े तो जाउंगी'

सीएम योगी बोले- 'हमने अखिलेश की बेटी पर कमेंट करने वालों पर भी FIR कराई', कहा- हम बार-बार महाराज सुहेलदेव वाली गलती दोहरा रहे

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।