आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती है। दिल्ली में सदैव अटल पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। राष्ट्र प्रेरणा स्थल को 65 एकड़ के विशाल क्षेत्र में करीब 230 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। यह परिसर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और आदर्शों को समर्पित है। यहां इन तीनों नेताओं की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं जो उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान का प्रतीक हैं।
इस परिसर को एक राष्ट्रीय संपत्ति के रूप में देखा जा रहा है जो भविष्य की पीढ़ियों को नेतृत्व, सेवा और सांस्कृतिक चेतना की प्रेरणा देगा। इस भव्य उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लखनऊ एक नए युग की शुरुआत का गवाह बना। पीएम मोदी ने दोपहर 2.30 बजे इस विशाल स्मारक का उद्घाटन किया।
पीएम ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर जानकारी दी। उन्होंने लिखा है, ''देश की महान विभूतियों की विरासत के सम्मान और संरक्षण के लिए हमारी सरकार कृतसंकल्प है। इसी कड़ी में कल दोपहर बाद करीब 2:30 बजे लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के अवसर पर ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ के उद्घाटन का सौभाग्य मिलेगा।''
आगे उन्होंने लिखा, ''यहां वाजपेयी जी के साथ ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की भव्य कांस्य प्रतिमाएं भी लगाई गई हैं। इसके साथ ही एक अत्याधुनिक संग्रहालय भी विकसित किया गया है, जहां राष्ट्र निर्माण में इन दूरदर्शी नेताओं के अमूल्य योगदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।''
यह भी पढ़ें-
जयंती विशेष: अटल बिहारी वाजपेयी के मुरीद थे पंडित नेहरू, बोले- "ये लड़का एक दिन प्रधानमंत्री बनेगा"
दिल्ली मेट्रो के पहले यात्री थे वाजपेयी, आडवाणी के साथ खूब खाए कनॉट प्लेस के गोलगप्पे
संपादक की पसंद