1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 14 कोसी परिक्रमा से पहले अयोध्या में बड़ा एक्शन, तीन मकानों पर चला बुलडोजर

14 कोसी परिक्रमा से पहले अयोध्या में बड़ा एक्शन, तीन मकानों पर चला बुलडोजर

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 20, 2026 07:11 pm IST,  Updated : Sep 20, 2026 07:14 pm IST

अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। जनौरा नाका स्थित नजूल की जमीन पर बने तीन मकानों पर जिला प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की।

Ayodhya- India TV Hindi
अयोध्या में बड़ा एक्शन Image Source : REPORTER INPUT

अयोध्या में प्रस्तावित 14 कोसी परिक्रमा को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। परिक्रमा मार्ग को चौड़ा करने की प्रक्रिया के तहत जनौरा नाका इलाके में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। यहां नजूल की जमीन पर बने तीन मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर कुछ प्रभावित लोगों ने विरोध भी जताया।

जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन

जिला प्रशासन का कहना है कि जिन मकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई, वे नजूल की जमीन पर बने थे। प्रशासन के मुताबिक, इन भवनों से संबंधित मुआवजे का भुगतान पहले ही किया जा चुका है। इसके बावजूद कुछ प्रभावित लोगों ने कार्रवाई के खिलाफ आपत्ति जताई थी और मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था।

अधिकारियों के अनुसार, हाईकोर्ट से मिले दिशा-निर्देशों के बाद अब प्रशासन ने आगे की कार्रवाई की है। मकानों को खाली कराने के बाद बुलडोजर की मदद से उन्हें गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भी मौके पर तैनात किया गया था, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित भट्ट और सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरी कार्रवाई की निगरानी की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

14 कोसी परिक्रमा धार्मिक परंपराओं में शामिल

दरअसल, अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण का काम प्रशासन की प्राथमिकता में है। नवंबर में प्रस्तावित 14 कोसी परिक्रमा को देखते हुए मार्ग से जुड़े निर्माण और दूसरी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने की कोशिश की जा रही है। इसी क्रम में मार्ग की जद में आने वाले निर्माणों को हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

14 कोसी परिक्रमा अयोध्या की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या की परिक्रमा करते हैं। ऐसे में प्रशासन का जोर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने और मार्ग पर बेहतर व्यवस्थाएं तैयार करने पर है। चौड़ीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिक्रमा के दौरान यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को राहत मिलने की उम्मीद है।

(रिपोर्ट: अखंड प्रताप सिंह)

यह भी पढ़ें:

यूपी में पति ने दांत से पत्नी की नाक काटी, पत्नी पर भी पति के प्राइवेट पार्ट को काटने का आरोप

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, पुलिस पूछताछ में हुआ साजिश का हुआ खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।