उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, तीन तलाक, जबरन हलाला कराने और दुष्कर्म जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
दहेज के लिए किया गया प्रताड़ित
पीड़िता शेरकोट क्षेत्र की रहने वाली है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि करीब एक साल पहले उसका निकाह नहटौर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सादात सैदरी निवासी नदीम से हुआ था। उसके अनुसार, शादी के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
महिला का आरोप है कि 19 मई को उसके पति ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसे तीन तलाक दे दिया। इसके बाद उसके साथ जो हुआ, उसने उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि तीन तलाक के बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके जेठ के साथ हलाला कराया गया। इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया। पीड़िता का यह भी कहना है कि विरोध करने पर उसे बंधक बनाकर पीटा गया, ताकि वह किसी को इस घटना की जानकारी न दे सके।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
महिला के मुताबिक, किसी तरह इस पूरे घटनाक्रम की सूचना उसके मायके वालों तक पहुंची। इसके बाद परिजनों ने उसे ससुराल से बाहर निकाला। सुरक्षित होने के बाद उसने पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शेरकोट पुलिस ने वसीम, नदीम, यामीन और नगमा, निवासी मोहल्ला सादात सैदरी, थाना नहटौर के खिलाफ तीन तलाक, दहेज उत्पीड़न, दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अफजलगढ़ के CO आलोक कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर FIR र दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट: रोहित त्रिपाठी)
यह भी पढ़ें:
शादी से इनकार पर बेकाबू हुआ युवक, बीच सड़क महिला पर ईंट से किया हमला, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
सीतापुर में प्रेमी प्रमिका के बीच सड़क हाईवोल्टेज ड्रामा, सोशल मीडिया से हुई दोस्ती