हापुड़ः यूपी के जनपद हापुड़ से कार सवार लोगों की स्टंटबाजी का वीडियो वायरल हो रहा है। करीब आधा दर्जन गाड़ियों के काफिले के साथ स्टंटबाजी करते हुए युवाओं द्वारा VIP अंदाज में पूरे नेशनल हाईवे को घेर कर भैंसा बुग्गी दौड़ करवाई जा रही थी। पंजाबी गानों को बजाते हुए नेशनल हाईवे 9 पर दौड़ की रील बनाते हुए कार सवारों द्वारा पूरे हाईवे को हाईजैक कर लिया गया। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्टंटबाजी करने के लिए हाईवे को किया हाईजैक
कार में सवार लोग चलती हुई गाड़ी की खिड़की से बाहर निकाल कर मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं और स्टंटबाजी करते हुए बराबर में ही भैंसा बुग्गी भी दौड़ रही है। रात के अंधेरे में हापुड़ से गढ़मुक्तेश्वर जाने वाले नेशनल हाईवे 9 पर VIP भैंसा बुग्गी दौड़ और स्टंटबाजी का वीडियो पुलिस विभाग पर सवाल खड़ा कर रहा है।
हापुड़ पुलिस कर रही मामले की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद हापुड़ पुलिस द्वारा वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा भैंसा बुग्गी दौड़ को पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाते हुए लोगों से पशु क्रूरता के इस अपराध को ना करने की अपील लगातार की जा रही है। इस संबंध में पुलिस भी कार्रवाई कर रही है। लेकिन फिर भी भैंसा बुग्गी दौड़ के अलग-अलग वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। जिसमें हाईवे को घेरते हुए दर्जन भर बाइकर्स के बीच भैंसा बुग्गी दौड़ का वीडियो वायरल हो रहा है।
यहां देखें वीडियो
वायरल वीडियो के आधार पर कार और बाइक सवार लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इससे पहले भी हापुड़ में सड़कों पर रील बनाने वालों का आतंक सामने आ चुका है। पुलिस ऐसा नहीं करने की अपील भी करती है लेकिन कोई समझने को तैयार नहीं है।
रिपोर्ट- निशांक शर्मा, हापुड़