1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. क्रिकेटर यश दयाल ने यौन शोषण का आरोप लगाने वाली युवती के खिलाफ थाने में दी शिकायत, लगाया गंभीर आरोप

क्रिकेटर यश दयाल ने यौन शोषण का आरोप लगाने वाली युवती के खिलाफ थाने में दी शिकायत, लगाया गंभीर आरोप

 Reported By: Imran Laeek, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jul 09, 2025 11:28 pm IST,  Updated : Jul 09, 2025 11:33 pm IST

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल ने गाजियाबाद की एक महिला द्वारा शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में दर्ज कराए गए मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रयागराज पुलिस में जवाबी शिकायत दर्ज कराते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

क्रिकेटर यश दयाल- India TV Hindi
क्रिकेटर यश दयाल की फाइल फोटो Image Source : PTI

प्रयागराजः क्रिकेटर यश दयाल ने अपने ऊपर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली युवती के खिलाफ प्रयागराज के एक थाने में शिकायत दी है। अपने वकील के माध्यम से यश दयाल ने थाना खुल्दाबाद में युवती के खिलाफ तहरीर दी है। अपनी तहरीर में यश दयाल ने युवती पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। 

 यश दयाल ने युवती पर लगाया ये आरोप

यश दयाल की तरफ से दी गई शिकायत में कहा गया है कि युवती से उनकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती हुई, लेकिन वह दोस्त से ज्यादा कुछ नहीं थी और बाद में शादी का दबाव बनाने लगी। यश दयाल का आरोप है कि युवती ने परिवार के इलाज के लिए रुपए उधार लिए थे। उन्होंने जब उधार दिए लाखों रुपए वापस मांगे तो आरोप लगा दिया। यश दयाल का आरोप है कि युवती ने आईफोन, लैपटॉप और अन्य सामान भी उठा ले गई है। हालांकि पुलिस ने अभी एफआईआर दर्ज नहीं की है। क्रिकेटर यश दयाल ने प्रयागराज पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। 

उन्होंने प्रयागराज पुलिस में युवती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। दयाल ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि युवती ने उनका आईफोन और लैपटॉप चुराया और झूठे बहाने से उनसे पैसे उधार लिए।

डीसीपी सिटी अभिषेक भारती ने कही ये बात

इस मामले में डीसीपी सिटी अभिषेक भारती का कहना है कि घटनास्थल गाजियाबाद का है। इस मामले में पहले से एक एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इसलिए यश दयाल को जो भी पक्ष रहना है इस केस में पक्ष रख सकते हैं। प्रयागराज पुलिस का यह भी कहना है कि यश दयाल प्रयागराज में नहीं रहते हैं। हालांकि क्रिकेटर यश दयाल का घर खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के कर्बला में है। प्रयागराज में उनके पिता चंद्रपाल दयाल, मां और बहन रहते हैं। फिलहाल प्रयागराज पुलिस से क्रिकेटर यश दयाल को किसी तरह की मदद मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। बता दें कि क्रिकेटर यश दयाल पर गाजियाबाद की एक युवती ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।

यश दयाल पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप 

बता दें कि गाजियाबाद की एक महिला ने आरसीबी के तेज गेंदबाज यश दयाल पर शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप लगाया है। महिला ने मुख्यमंत्री के ऑनलाइन शिकायत पोर्टल, आईजीआरएस के जरिए शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में, महिला ने आरोप लगाया है कि वह पिछले पांच सालों से क्रिकेटर के साथ रिलेशनशिप में थी। इस दौरान उसका भावनात्मक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।