मुजफ्फरनगर के पूर्व बसपा विधायक शाहनवाज राणा के न्यू राणा हाउस पर ईडी का छापा पड़ा था, इसी मामले में गाजियाबाद में भी सुधा स्टील के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी हुई थी। पूर्व बसपा विधायक के मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और फरीदाबाद में नौ ठिकानों पर हुई छापेमारी के दौरान कुल 3.6 करोड़ रुपये नकद ज़ब्त किए गए हैं। ये सारे कैश सूटकेस में बंद किए गए थे। रेड के बाद सभी परिसर बंद कर दिए गए हैं। फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का गलत तरीके से लाभ लेने का है पूरा मामला।
देखें वीडियो
जानें क्या है मामला
असली सामान की आवाजाही के बिना ही फर्जी इनवॉइस, बिल के जरिए बोगस आईटीसी बनाने और उसे आगे बढ़ाने का आरोप। जांच के दौरान बड़े पैमाने पर सर्कुलर लेनदेन, रकम को तेजी से लेयरिंग करके बांटने, फर्जी कंपनियों के जरिए कैश निकालने का भी खुलासा हुआ है। इस पूरे मामले में सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हुआ है। जिसके बाद ईडी ने मनी लांड्रिंग के तहत मामला दर्ज कर छापेमारी की थी। छापेमारी में इस नेटवर्क से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी बरामद हुए हैं और साथ ही करोड़ों की रकम बरामद हुई है।
ईडी ने सोमवार को की थी छापेमारी
ईडी के लखनऊ जोनल कार्यालय ने सोमवार को फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट ( ITC ) के बड़े नेटवर्क की जांच के सिलसिले में बसपा के पूर्व विधायक शाहनवाज राणा व उनके परिजनों के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की थी। ईडी ने मुजफ्फरनगर स्थित राणा हाउस और गाजियाबाद की फर्म से तीन करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई है।
विवादों में रहे हैं शाहनवाज
बसपा के पूर्व विधायक शाहनवाज राणा वेस्टर्न यूपी की राजनीति का चर्चित चेहरा रहे हैं। राणा ने बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीतकर विधायक भी बने, लेकिन बाद में वे राष्ट्रीय लोकदल से जुड़ गए। इसके बाद फिर नवंबर 2025 में उन्होंने आजाद समाज पार्टी (काशीराम) की सदस्यता ली थी। बता दें कि उनके भाई कादिर राणा पूर्व सांसद और नूर सलीम राणा भी पूर्व विधायक रहे हैं।
2025 में उनकी फर्म राणा स्टील्स से जुड़े कथित 5.39 करोड़ रुपये की फर्जी बिलिंग और GST चोरी के मामले में वाणिज्य कर विभाग की टीम पर हमला करने के आरोप लगे तो गिरफ्तारी भी हुई थी। इतना ही नहीं, उनके खिलाफ बिजली चोरी समेत कई क्रिमिनल केस दर्ज हैं और साल 2001 में एक महिला ने दुष्कर्म के प्रयास का मामला भी उनके खिलाफ दर्ज कराया था।
ये भी पढ़ें:
यूपी के पूर्व विधायक बिजली चोरी के आरोप में गिरफ्तार, उत्तराखंड से पकड़कर पुलिस लेकर आई मुज़फ्फरनगर