जौनपुरः यूपी के जौनपुर जिले में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई है। गोली लगने से एक तस्कर घायल हो गया। दो तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए। जानकारी के मुताबिक, थानाध्यक्ष खुटहन मय पुलिस टीम खुटहन चौराहे पर सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रसूलपुर स्थित राम आधार यादव इण्टर कालेज के पास जंगल क्षेत्र में कुछ गौ-तस्कर मौजूद हैं, जो छुट्टा गोवंशी पशुओं को पकड़कर वध हेतु ले जाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबन्दी की।
जवाबी कार्रवाई में गौ तस्कर को लगी गोली
पुलिस टीम को देखते ही गौ तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा बदमाशों को बार-बार आत्मसमर्पण करने के लिए चेतावनी दी गयी, लेकिन बदमाशों द्वारा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से दोबारा फायरिंग की गयी, जिसमें थानाध्यक्ष खुटहन बाल बाल बच गए। कोई अन्य उपाय न देखते हुए और आत्मरक्षा हेतु थानाध्यक्ष ने भी फायर किया। जिसमें गो तस्कर घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, रस्सी, मोटर साइकिल बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त हसनैन उर्फ गज्जू के खिलाफ खुटहन, शाहगंज और खेतासराय थाना में सात मुकदमें पहले से ही दर्ज हैं। सभी मामले गौ तस्करी से जुड़े हैं।
यहां देखें वीडियो
दो तस्कर फरार होने में कामयाब
पुलिस ने बताया कि सूचना के बाद थानाध्यक्ष खुटहन पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर सेवई नाला के आगे राम आधार यादव इण्टर कालेज के पास रसूलपुर जाने वाली कच्ची सड़क पर गो तस्करों की घेराबन्दी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर भागने लगे। जवाब कार्रवाई में बदमाश हसनैन उर्फ गज्जू निवासी लेदरही थाना खेतासराय जनपद जौनपुर के बाएं पैर में गोली लगी।
घटना के दौरान अन्य दो अभियुक्त, इकबाल उर्फ गज्जू पुत्र लाल मोहम्मद निवासी लमहन थाना महाराजगंज, जनपद जौनपुर व आशिक निवासी बीरी समसुद्दीनपुर थाना खुटहन रात्रि के अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गये। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट- सुधाकर शुक्ला, जौनपुर