1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के मेरठ में एनकाउंटर, हत्या के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, एक बदमाश हुआ घायल

यूपी के मेरठ में एनकाउंटर, हत्या के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, एक बदमाश हुआ घायल

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Sep 16, 2025 01:23 pm IST,  Updated : Sep 16, 2025 01:23 pm IST

मेरठ पुलिस ने मुठभेड़ में वाजिद उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया, जो मोहम्मद सलीम हत्याकांड में वांछित था। उसके साथी उवैश को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

Encounter in Meerut two wanted murder accused arrested one criminal injured- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PEXELS

मेरठ जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में वांछित आरोपी वाजिद उर्फ भूरा पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी उवैश को भी तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। सिविल लाइन क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभिषेक तिवारी के अनुसार, 30 जुलाई 2025 को मोहम्मद सलीम उर्फ दिवाना की हासिमपुरा, पूर्वा शेखलाल मस्जिद के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। 

एक बदमाश को लगी गोली

सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पांच आरोपियों की पहचान की गई, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। तिवारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेरठ के निर्देश पर 15 और 16 सितंबर की मध्य रात्रि को किला रोड स्थित यादगार चौकी के पास संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिस कर्मी को धक्का देकर भागने का प्रयास किया और आर्मी फार्महाउस के पास पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में वाजिद उर्फ भूरा गोली लगने से घायल हो गया। 

बदमाशों के पास से मिले हथियार

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके साथी उवैश को किदवई नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। घायल वाजिद को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों आरोपी मोहम्मद सलीम की हत्या के मामले में वांछित थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से .32 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और एक कारतूस, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, उसके दो कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, वाजिद के खिलाफ हत्या और लूट समेत कुल चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उवैश पर दो मुकदमे चल रहे हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।