1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत, पांच मिनट बाद युवक ने तोड़ा दम; झोलाछाप फरार

इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत, पांच मिनट बाद युवक ने तोड़ा दम; झोलाछाप फरार

 Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 30, 2026 02:54 pm IST,  Updated : Aug 30, 2026 03:01 pm IST

एटा में बुखार के इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। उसके इलाज के लिए परिजनों ने एक स्थानीय व्यक्ति को घर बुलाया, जो मेडिकल स्टोर चलाने के साथ घर पर ही लोगों का इलाज करने का काम करता था।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PEXELS.COM

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में बुखार का इलाज कराने के दौरान एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एक झोलाछाप द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही मिनट बाद युवक की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

बुखार से पीड़ित था युवक

मामला जसवंतपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान रत्नेश के रूप में हुई है। बताया गया कि रत्नेश पिछले कुछ समय से बुखार से पीड़ित था। उसके इलाज के लिए परिजनों ने नगला हिम्मत निवासी एक स्थानीय व्यक्ति को घर बुलाया, जो मेडिकल स्टोर चलाने के साथ घर पर ही लोगों का इलाज करने का काम करता है।

इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत

परिजनों के मुताबिक, उक्त व्यक्ति ने रत्नेश को बुखार के इलाज के लिए इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और करीब पांच मिनट के भीतर उसने दम तोड़ दिया। परिजन आनन-फानन में उसे अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मौके से फरार हुआ आरोपी

घटना के बाद आरोपी बताए जा रहे व्यक्ति के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। जसवंतपुर थाना प्रभारी सुबोध कुमार उपाध्याय ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में मौत की वास्तविक वजह सामने आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किस कारण से हुई और इंजेक्शन का इसमें क्या संबंध था।

एक अन्य खबर में, यूपी के हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम माधापुर में देर रात घर के अंदर चैन से सो रही दो सगी बहनों पर एक युवक ने तेजाब से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में दोनों बहनें बुरी तरह झुलस गईं।

ये भी पढ़ें-

टीचर को बना दिया मुंबई मेयर ऋतु तावड़े का पति, YouTube क्रिएटर पर FIR

तीन कारों में हो रही थी रेस, तभी SUV ने मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को कुचला, मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।