1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'भविष्य में सावधान रहूंगा', KRK ने CM योगी से क्यों मांगी माफी? जानें पूरा मामला

'भविष्य में सावधान रहूंगा', KRK ने CM योगी से क्यों मांगी माफी? जानें पूरा मामला

 Published : Jan 02, 2026 11:43 am IST,  Updated : Jan 02, 2026 11:43 am IST

यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ पर टिप्‍पणी करके फिल्‍म क्रिटिक कमाल खान एक बार फिर विवादों में आ गया है। देखते ही देखते मामला इतना आगे बढ़ गया कि लखनऊ की हजरतगंज पुलिस ने उसके खिलाफ FIR दर्ज कर ली।

krk yogi adityanath- India TV Hindi
कमाल राशिद खान, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ। Image Source : YOUTUBE- KAMAAL R KHAN - KRK/PTI

फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान यानी KRK ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सोशल मीडिया पर किए गए अपने फेक पोस्ट को लेकर माफी मांग ली है। सीएम योगी से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए KRK ने फर्जी पोस्ट को भी अपने X अकाउंट से डिलीट कर दिया है। KRK ने सीएम योगी आदित्यनाथ की फोटो के साथ फर्जी स्क्रीनशॉट शेयर किया था।

फेक पोस्ट पर फंसा KRK

लखनऊ पुलिस के FIR दर्ज करने के बाद KRK ने पोस्ट हटाकर माफी मांग ली है। KRK ने CM योगी और UP पुलिस को टैग करते हुए लिखा है, ''मैं सीएम योगी आदित्यनाथ से माफी मांगता हूं। जब मुझे पता चला कि ये खबर फर्जी है तो मैंने तुरंत इसे हटाया। भविष्य में मैं बहुत सावधान रहूंगा।'' केआरके ने अपने पोस्‍ट में यूपी सरकार और यूपी पुलिस को भी टैग किया है।

KRK ने क्या पोस्ट किया था?

बता दें कि केआरके ने जिस बयान को अपने X अकाउंट पर शेयर किया था, उसे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कभी दिया ही नहीं था। उसका पोस्ट किया गया स्क्रीनशॉट पूरी तरह नकली था। केआरके ने पोस्‍ट में लिखा था, 'सर जी, आपको कोई भी वोट नहीं देगा, तब भी आप जीतोगे, ये तो सब जानते हैं। @ECISVEEP Zindabad।' इसके साथ उसने सीएम योगी की फोटो लगाकर एक न्यूज पेपर का स्क्रीन शॉट लगाया था जिस पर लिखा था, ''हमें मुस्लिम दलित, यादव वोट नहीं भी मिलेगा तब भी हम सरकार बना लेंगे।''

केआरके ने अपने पोस्ट में चुनाव आयोग पर भी तंज कसा था।

FIR के बाद डिलीट किया फेक पोस्ट

इसके बाद लखनऊ के नरही क्षेत्र के राजकुमार तिवारी ने इस पोस्ट की शिकायत पुलिस से की थी। उनका कहना था कि इस फर्जी पोस्ट से हिंदू समाज में गुस्सा है और यह सरकार की छवि खराब करने की सोची-समझी साजिश है। राजकुमार तिवारी ने अपनी शिकायत में लिखा था, ''मैंने अपने मोहल्‍ले में किसी के मोबाइल पर एक ट्वीट देखा जो KRK एक्स (ट्विटर) हैंडल @kamaalrkhan के हैंडल से पोस्‍ट किया गया है। आदरणीय महाराज जी की फोटो लगाकर झूठा व फर्जी कथन अंकित करके एक बड़े न्यूज पेपर के नाम का स्क्रीनशॉट लेकर फेक नरेटिव चलाकर सोशल मीडिया पर छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है जो कि जो कि बहुत निंदनीय है। हमारे हिन्दू समाज में इस प्रकार के झूठे तथ्यों पर आधारित पोस्ट देखकर अक्रोश व्याप्त है।''

शिकायत मिलते ही हजरतगंज कोतवाली ने IT Act और समाज में नफरत फैलाने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। फिलहाल साइबर सेल इस बात की भी जांच कर रही है कि यह फर्जी फोटो कहां बनाया गया था।

यह भी पढ़ें-

भारी पड़ी मायावती पर अभद्र टिप्पणी, यूपी पुलिस ने KRK के खिलाफ दर्ज किया केस

चाहत पांडे की मां ने रखा 21 लाख का इनाम, तो केआरके ने पूरा कर दिया चैलेंज, फोटो देख फैन्स भी हो गए हैरान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।