1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नशे में धुत बेटे ने मां को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, पिता ने पड़ोसी के घर में छिपकर बचाई जान; दर्दनाक है आगे की कहानी

नशे में धुत बेटे ने मां को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, पिता ने पड़ोसी के घर में छिपकर बचाई जान; दर्दनाक है आगे की कहानी

 Edited By: Malaika Imam
 Published : Jun 19, 2025 11:24 pm IST,  Updated : Jun 19, 2025 11:25 pm IST

फतेहपुर से एक रुला देने वाली घटना सामने आई है। एक नशेड़ी शख्स ने अपनी बुजुर्ग मां की जान ले ली। इसके बाद वह पिता को मारने के लिए डंडा लेकर दौड़ा।

पिता ने बेटे के लिए मांगी मौत- India TV Hindi
पिता ने बेटे के लिए मांगी मौत

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम पतैटापुर मजरे सेमरी गांव में शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक कलयुगी बेटे ने अपनी 60 वर्षीय मां श्याम कली को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं, उसने अपने वृद्ध पिता को मारने के लिए डंडा लेकर दौड़ाया। पिता ने पड़ोसियों के घर में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पुत्र कमलेश को घटना के एक घंटे के भीतर ही गांव के बाहर जंगल से गिरफ्तार कर लिया।

शराब पीने का आदी है बेटा

यह घटना गुरुवार शाम की है। जानकारी के अनुसार, कमलेश शराब पीने का आदी है और आये दिन घर में झगड़ा करता रहता था। गुरुवार को वह नशे में धुत होकर घर आया और अपनी मां श्याम कली से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। गरीबी के चलते मां ने पैसे न होने का हवाला देते हुए इंकार कर दिया। इससे गुस्साए कमलेश ने मां के साथ गाली-गलौज की और बाद में डंडे से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।

मां की जान लेने के बाद पिता को...

पिता अमर सिंह ने जब अपनी पत्नी को बेटे द्वारा पीटा जाते देखा, तो बचाने दौड़े। लेकिन कमलेश ने उन्हें भी मारने के लिए डंडा लेकर दौड़ाया। अमर सिंह ने भागकर पड़ोसी के घर में घुसकर अपनी जान बचाई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमलेश मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही असोथर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वृद्धा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक घंटे के अंदर ही गांव के बाहर जंगल से कमलेश को गिरफ्तार कर लिया।

परिवार के लोगों से करता था मारपीट

पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के पति अमर सिंह ने बताया कि उनका पुत्र कमलेश शराब पीने का आदी है और आये दिन परिवार के सदस्यों को मारता-पीटता था। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद कमलेश ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी थी। अमर सिंह ने कहा कि अगर पुलिस से बच गया तो वह खुद अपने बेटे को मार देगा।

12 साल पहले हुई थी शादी, 6 साल की बेटी

परिजनों ने बताया कि कमलेश की शादी 12 वर्ष पहले खागा तहसील के बबुल्लापुर में हुई थी और उसकी एक छह साल की बेटी रानी देवी है। परिवार में बड़ा भाई बबलू सिंह (42) अविवाहित है और राजस्थान के जोधपुर स्थित एक स्टील कंपनी में नौकरी करता है।

घर में चल रही थी बहन की शादी की तैयारी

मृतका श्याम कली की तीन बेटियां भी हैं, जिनमें से बड़ी बेटी गुड़िया और आरती की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बेटी सोमवती की शादी इसी वर्ष नवंबर में गोपालपुर में तय है। बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब घर में मातम पसरा है। परिवार के पास मात्र 3 बीघा खेती है, जिससे घर का गुजर-बसर होता है। मुखिया अमर सिंह किसानी से परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद से शोक और दहशत का माहौल है।

(रिपोर्ट- उमेश चन्द्रा)

ये भी पढ़ें-

राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम और उसके प्रेमी राज को 2 दिन की पुलिस हिरासत, 3 अन्य न्यायिक रिमांड पर

अब बेटे के साथ फारूक अब्दुल्ला ने वंदे भारत में किया सफर, CM उमर हुए गदगद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।