1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल में AC में धमाके के बाद लगी आग, फायर ब्रिगेड ने सभी मरीजों को सुरक्षित निकाला

हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल में AC में धमाके के बाद लगी आग, फायर ब्रिगेड ने सभी मरीजों को सुरक्षित निकाला

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 27, 2026 09:30 am IST,  Updated : Jul 27, 2026 09:31 am IST

हापुड़ के एक निजी अस्पताल में सोमवार सुबह एसी में शॉर्ट सर्किट से तेज धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। अस्पताल में धुआं फैलने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की और सभी मरीजों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाला।

Fire Breakout in Hospital- India TV Hindi
हॉस्पिटल में लगी आग Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में स्थित गढ़ रोड के देवनंदनी अस्पताल में देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित एक कमरे में एयर कंडीशनर (AC) में धमाके के बाद अचानक आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और अस्पताल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण NICU में भर्ती नवजात शिशुओं समेत सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कैसी लगी हॉस्पिटल में आग?

रिपोर्ट के अनुसार, आग लगने की मुख्य वजह फर्स्ट फ्लोर के कमरा नंबर 12 में लगे AC में शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ धमाका बताया जा रहा है। धमाके के साथ ही कमरे में आग फैल गई और देखते ही देखते पहले तथा दूसरे फ्लोर पर घना धुआं भर गया। चीफ फायर ऑफिसर (CFO) अजय शर्मा ने बताया कि फायर स्टेशन हापुड़ को रात लगभग 12:50 बजे घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं।

स्मोक एग्जॉस्टर का इस्तेमाल करके धुएं को बाहर निकाला गया

दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचते ही सबसे पहले रूम नंबर 12 की आग पर काबू पाया। इमारत में अधिक धुआं भरने के कारण सांस लेना मुश्किल हो रहा था, जिससे निपटने के लिए तुरंत स्मोक एग्जॉस्टर मशीन का इस्तेमाल कर धुएं को बाहर निकाला गया। बचाव दल ने पास में स्थित NICU वार्ड में भर्ती तीन नवजात शिशुओं, ICU के गंभीर मरीजों और ऊपरी मंजिलों में फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित निकास मार्गों से बाहर निकाला। सभी प्रभावित मरीजों को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया।

हापुड़ के एसपी ने इस मामले पर दी जानकारी 

हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दो-तीन थानों की पुलिस फोर्स और फायर यूनिट्स को तैनात किया गया था। पुलिस, दमकल विभाग और अस्पताल प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल के कारण समय रहते सभी मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और कूलिंग ऑपरेशन पूरा कर प्रथम तल के तापमान व धुएं को शांत कर दिया गया है।

हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

फतेहपुर में मुख्यमंत्री की VIP ड्यूटी पर जा रहे हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत, सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक

कानपुर में डिजिटल ऐप बना पुलिस का हथियार, नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।